Breaking News

बदायूं: गंगा एक्सप्रेस-वे पर कैन्टर लूटकांड का 12 घंटे में पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार; वाहन बरामद।

गंगा एक्सप्रेस-वे पर कैन्टर लूटकांड का 12 घंटे में पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार; वाहन बरामद।

बदायूं। जनपद के गंगा एक्सप्रेस-वे पर कैन्टर चालक से हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का बदायूँ पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को दबोच लिया और उनके कब्जे से लूटा गया कैन्टर भी बरामद कर लिया है। इस घटना में शामिल अन्य पांच फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पीड़ित चालक जराफत (पुत्र शफीक), निवासी आरिफपुर, थाना बाबूगढ़ (हापुड़) के अनुसार, शुक्रवार को जब वह बिहार से कैन्टर (संख्या UP37BT3121) लेकर आ रहा था, तभी थाना मूसाझाग क्षेत्र में ग्राम मैरी मजर के पास गंगा एक्सप्रेस-वे पर एक बोलेरो सवार बदमाशों ने उनका वाहन रोक लिया। बदमाशों ने चालक व हेल्पर के साथ मारपीट की, मोबाइल छीने और कैन्टर लूटकर दोनों को जंगल में छोड़कर फरार हो गए।

पीड़ित की तहरीर पर थाना मूसाझाग में मु.अ.सं. 137/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीमों ने जनपद रामपुर की थाना गंज पुलिस के सहयोग से दो आरोपियों—हसीन (पुत्र अनीस कुरैशी, निवासी तालकपुर, थाना भोट, रामपुर) और हारून (पुत्र इस्तयाक, निवासी अहेरीपुर, थाना बकेवर, इटावा)—को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लूटा गया कैन्टर भी बरामद कर लिया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने पांच अन्य साथियों—अन्नू, भूरे, मुकुल, गुड्डू (सभी निवासी अहेरीपुर, इटावा) और आरिस (निवासी तालकपुर, रामपुर)—के इस वारदात में शामिल होने का खुलासा किया है। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी हसीन का लंबा आपराधिक इतिहास है, जिस पर पूर्व में गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, हारून के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी अन्य जनपदों से जुटाई जा रही है।

थाना मूसाझाग के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में अंजाम दिए गए इस सफल ऑपरेशन की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है। पुलिस की इस तेज-तर्रार कार्रवाई से अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज में चोरी का खुलासा, चार वांछित आरोपी गिरफ्तार; सोने के जेवर और 40 हजार रुपये बरामद।

कासगंज में चोरी का खुलासा, चार वांछित आरोपी गिरफ्तार; सोने के जेवर और 40 हजार …