Breaking News

सहसवान: गमगीन माहौल में अकीदत के साथ संपन्न हुआ मोहर्रम, कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक किए गए ताजिए।

सहसवान: गमगीन माहौल में अकीदत के साथ संपन्न हुआ मोहर्रम, कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक किए गए ताजिए।

सहसवान, बदायूं। इस्लामी कैलेंडर के सबसे गमगीन महीने मोहर्रम की दसवीं तारीख ‘यौम-ए-आशूरा’ शुक्रवार को नगर और देहात क्षेत्र में पूरी अकीदत और शांति के साथ मनाई गई। कर्बला के शहीदों की शहादत की याद में नगर के विभिन्न मोहल्लों से ताजिए निकाले गए, जो नम आंखों और ‘या हुसैन’ की सदाओं के साथ कर्बला पहुंचे। इस्लाम की रक्षा के लिए पैगंबर हजरत मोहम्मद के नवासे हजरत इमाम हुसैन और उनके 72 साथियों द्वारा दी गई कुर्बानी को याद करते हुए अकीदतमंदों ने उन्हें खिराजे-अकीदत पेश की।

नगर के विभिन्न हिस्सों में जुलूस के दौरान धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया गया। मोहल्ला काजी, मोहिद्दीनपुर, शाहबाजपुर, कटरा, नसरुल्लागंज सहित कई मोहल्लों और खैरपुर व कोल्हार जैसे ग्रामीण क्षेत्रों से ताजिए जुलूस के रूप में निकले। इमामबारगाह हुसैनी मंजिल से यूसुफ नियाजी की अगुवाई में निकला मुख्य जुलूस जब गश्त करता हुआ आगे बढ़ा, तो अन्य मोहल्लों के ताजिए भी उसमें शामिल हो गए। यह कारवां मोहल्ला चाहाशीरी, चौधरी मोहल्ला, बजरिया और पठान टोला होते हुए ईदगाह रोड पहुंचा और अंत में गमगीन माहौल में कर्बला में ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

मोहर्रम के मौके पर शहर में जगह-जगह लंगर और शरबत की सबीलें लगाई गईं। लोगों ने अकीदत के साथ तबर्रुक का वितरण किया और मन्नतें मांगीं। इस दौरान मीरा शाह बली दरगाह परिसर में मेले का आयोजन किया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहा। विशेष रूप से महिलाओं के लिए यहां मीना बाजार लगाया गया, जहां पुरुषों का प्रवेश वर्जित रहा। दूर-दराज से आए लोगों ने इस धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह के नेतृत्व में पूरे मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। जुलूस के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस की कड़ी निगरानी रही, जिससे पूरा कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। प्रशासनिक सक्रियता और जनता के सहयोग के चलते मोहर्रम का यह पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के संदेश के साथ संपन्न हो गया।

Spread the love

Check Also

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया संकल्प।

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया …

error: Content is protected !!