Breaking News

बहारपुर मासूम हत्याकांड: एससी-एसटी आयोग के सदस्यों ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, जल्द खुलासे की मांग को लेकर परिवार में रोष।

बहारपुर मासूम हत्याकांड: एससी-एसटी आयोग के सदस्यों ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, जल्द खुलासे की मांग को लेकर परिवार में रोष।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

गंजडुंडवारा, कासगंज। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बहारपुर में 4 वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के मामले में शनिवार शाम उत्तर प्रदेश सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्यों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली। गत 6 जून को बहारपुर गांव की 4 वर्षीय मासूम बच्ची अचानक लापता हो गई थी, जिसके बाद स्वजन और पुलिस द्वारा की गई तलाश के उपरांत 9 जून को उसका शव खेतों में मिला था। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है और मामले के खुलासे व आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार काम कर रही हैं।

शनिवार की शाम एससी-एसटी आयोग, उत्तर प्रदेश सरकार के सदस्य उमेश कठेरिया एवं रमेश चन्द्र कुंडे पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उन्हें हर संभव न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। आयोग के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि शासन और प्रशासन इस पूरी घटना की गंभीरता के साथ निगरानी कर रहे हैं और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान कासगंज के पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह भी मौजूद रहे, जिन्होंने आयोग के सदस्यों को पुलिस द्वारा अब तक की गई कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजामों की विस्तृत जानकारी दी।

वहीं दूसरी ओर, मासूम बच्ची की हत्या का खुलासा होने में हो रही देरी को लेकर पीड़ित परिवार में भारी रोष व्याप्त है। परिजन लगातार जल्द से जल्द घटना के रहस्य को उजागर करने और हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े हुए हैं। परिवार का साफ कहना है कि उन्हें न्याय का बेसब्री से इंतजार है और दोषियों के खिलाफ इतनी कठोर कार्रवाई होनी चाहिए कि वह एक नजीर बन सके।

घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए कड़े प्रबंध किए हैं। घर के आसपास पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ रात में भी विशेष निगरानी की जा रही है। परिवार की मांग पर सुरक्षा के मद्देनजर घर के चारों ओर सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए गए हैं ताकि निगरानी और अधिक प्रभावी हो सके। जिला प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और दोषियों को जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

 

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया संकल्प।

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया …

error: Content is protected !!