Breaking News

उझानी: दहेज की आग में झुलसी एक और जिंदगी; विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप।

उझानी: दहेज की आग में झुलसी एक और जिंदगी; विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप।

उझानी, बदायूँ। उझानी थाना क्षेत्र के मानकपुर गांव में दहेज प्रताड़ना का एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। ससुरालियों द्वारा दहेज के लिए की जा रही लगातार प्रताड़ना से तंग आकर एक विवाहिता ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। विवाहिता की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

शादी के 14 महीने बाद ही टूटी गृहस्थी

जानकारी के अनुसार, मानकपुर निवासी मेवाराम ने अपनी बेटी स्वाती की शादी करीब 14 महीने पहले बिल्सी थाना क्षेत्र के गुदनी खतौरा निवासी विकास भारती के साथ की थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वाले दहेज में मिली वस्तुओं से असंतुष्ट हो गए और लगातार गाड़ी तथा नकदी की मांग करने लगे। दहेज की मांग पूरी न होने पर स्वाती को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा, जिसके चलते वह पिछले दो माह से अपने मायके में रह रही थी।

फोन पर विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम

परिजनों ने बताया कि दो दिन पहले स्वाती की अपने पति से फोन पर दहेज और पारिवारिक कलह को लेकर तीखी नोकझोंक हुई थी। इस बातचीत के बाद स्वाती बेहद तनाव में थी और उसने मानसिक दबाव में आकर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और अंततः उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना की सूचना मिलते ही उझानी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भिजवाया। गुरुवार दोपहर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका के परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस घटना के बाद से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

फाइल फोटो 

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!