Breaking News

कासगंज: पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में बड़ी कार्रवाई, लापरवाही बरतने पर चौकी इंचार्ज निलंबित।

कासगंज: पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में बड़ी कार्रवाई, लापरवाही बरतने पर चौकी इंचार्ज निलंबित।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

कासगंज। सोरों थाना क्षेत्र के नगला पटिया गांव में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के मामले में पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। हादसे के बाद सामने आई घोर लापरवाही के चलते एसपी ने नगरिया चौकी इंचार्ज एसआई बलवीर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

ज्ञात हो कि दो दिन पूर्व नगला पटिया गांव में अवैध रूप से चल रही पटाखा फैक्ट्री में अचानक जोरदार धमाका हुआ था। विस्फोट इतना भीषण था कि एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने पूरे मामले की गहन जांच के आदेश दिए थे।

जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि क्षेत्र में चल रही इस अवैध फैक्ट्री को लेकर स्थानीय स्तर पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई और निगरानी में भारी कोताही बरती गई। इसी को आधार बनाकर चौकी इंचार्ज बलवीर सिंह पर गाज गिरी है। सूत्रों के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अवैध फैक्ट्री का संचालन किसके संरक्षण में हो रहा था।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में कहीं भी अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का निर्माण या भंडारण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन निगरानी रखने और अवैध कारोबारियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है और वे दोषियों के खिलाफ और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

 

 

 

Spread the love

Check Also

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया संकल्प।

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया …

error: Content is protected !!