Breaking News

शाहजहांपुर: अस्पताल से उड़ाते थे बाइक: शाहजहाँपुर पुलिस ने दबोचे दो शातिर वाहन चोर, नदी में फेंक देते थे नंबर प्लेट।

अस्पताल से उड़ाते थे बाइक: शाहजहाँपुर पुलिस ने दबोचे दो शातिर वाहन चोर, नदी में फेंक देते थे नंबर प्लेट।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों और वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत चौक कोतवाली पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने जिला अस्पताल परिसर से दुपहिया वाहन पार करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए शातिर आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय आलोक गौतम निवासी कलवापुर और 19 वर्षीय चंदन कश्यप निवासी बंडा के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए इन चोरों के कब्जे से विभिन्न क्षेत्रों से चुराई गई दो बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने बाइक चोरी करने के अपने शातिराना तौर-तरीकों का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि चंदन कश्यप पहले जिला अस्पताल परिसर में रेकी करता था और सीसीटीवी कैमरों की नजर से दूर तथा कमजोर लॉक वाली बाइकों को चिन्हित कर इसकी जानकारी आलोक को देता था। मौका मिलते ही आलोक गौतम मास्टर चाबी की मदद से बाइक लेकर चंपत हो जाता था।

पहचान छिपाने के लिए ये शातिर चोर सबसे पहले गाड़ी की नंबर प्लेट तोड़कर गर्रा नदी में फेंक देते थे। पुलिस को यह सफलता उस समय मिली जब दोनों आरोपी चोरी की बाइकों को ठिकाने लगाने (बेचने) के उद्देश्य से हरदोई जाने की फिराक में थे, तभी मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कैरूगंज-गौशाला मार्ग पर घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। मुख्य आरोपी आलोक पर पूर्व में भी चोरी के तीन मुकदमे दर्ज हैं। इस सफलता को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनय कुमार और उपनिरीक्षक कुमार गौरव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे, जिन्होंने विधिक कार्रवाई पूरी कर दोनों को कोर्ट में पेश किया।

Spread the love

Check Also

शाहजहांपुर: फैक्ट्री स्टेट रामलीला को लेकर समिति ने साफ किया अपना पक्ष।

पूर्व कलाकारों के आरोपों पर सचिव ए.के. व्यास बोले—बैठक के लिए कई बार दी गई …