Breaking News

बदायूं में उपचार के दौरान घायल की मौत, कार्रवाई की मांग को लेकर मुजरिया थाने पर प्रदर्शन और पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप।

बदायूं में उपचार के दौरान घायल की मौत, कार्रवाई की मांग को लेकर मुजरिया थाने पर प्रदर्शन और पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप।

संवाददाता, शैलेन्द्र सिंह 

मुजरिया, बदायूं। मुजरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सिकंदराबाद में मारपीट के एक घायल की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद बुधवार की रात थाने में भारी हंगामा हुआ। मृतक के परिजनों ने स्थानीय पुलिस पर समय रहते उचित कदम न उठाने और विरोध करने पर लाठीचार्ज करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से ही क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और पुलिस प्रशासन मामले को शांत कराने के प्रयास में जुटा है।

जानकारी के अनुसार, सिकंदराबाद निवासी संजय (48 वर्ष) पुत्र मुन्नालाल बीते 14 मई की शाम को कादरचौक थाना क्षेत्र के ग्राम सरकरे से एक दावत में शामिल होकर अपने मित्रों के साथ घर लौट रहे थे। रास्ते में मुजरिया और अलीगंज के मध्य संजय अपने साथियों से कुछ आगे निकल गए। इसी बीच अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। जब संजय के साथी मौके पर पहुंचे, तो हमलावर एक सफेद रंग की चार पहिया गाड़ी से फरार हो गए। हालांकि, दोस्तों ने सतर्कता दिखाते हुए उक्त वाहन की तस्वीर और नंबर अपने पास सुरक्षित कर लिए थे।

अचेत अवस्था में संजय को पहले बदायूं के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहां कुछ दिन उपचार चलने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी, लेकिन बुधवार की शाम अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई।

संजय की मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव को लेकर सीधे मुजरिया थाने पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस उनकी तहरीर पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय शव का पंचनामा भरकर जल्दबाजी में पोस्टमार्टम कराना चाहती थी, जबकि परिजन अपने अन्य रिश्तेदारों के आने की प्रतीक्षा कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।

परिजनों ने आरोप लगाया कि विवाद बढ़ने पर पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें महिलाओं सहित कई ग्रामीणों को चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने और उनके मोबाइल फोन छीनने का भी संगीन आरोप लगाया है। देर रात करीब एक बजे तक थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन और नोकझोंक का सिलसिला चलता रहा। फिलहाल पुलिस अधिकारी मामले की जांच और शांति व्यवस्था बनाए रखने की बात कह रहे हैं।

 

 

 

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!