Breaking News

आंधी-तूफान का कहर, ट्यूबवेल की कोठरी पर पेड़ गिरने से मलबे में दबी महिला, दर्दनाक मौत।

आंधी-तूफान का कहर, ट्यूबवेल की कोठरी पर पेड़ गिरने से मलबे में दबी महिला, दर्दनाक मौत।

फैजगंज बेहटा, (बदायूं)। जनपद के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के ग्राम तरकपुरोली में बुधवार दोपहर प्रकृति का कहर टूट पड़ा। अचानक आए तेज आंधी-तूफान और बारिश से बचने की कोशिश एक महिला के लिए जानलेवा साबित हुई। खेतों में काम करते समय मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान तलाश रहे ग्रामीणों पर काल बनकर एक विशालकाय पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। उस समय खेतों में लगभग 10 से 12 मजदूर और ग्रामीण काम कर रहे थे। बारिश और तूफान से बचने के लिए ये सभी लोग पास ही स्थित एक ट्यूबवेल की पक्की कोठरी के भीतर चले गए। इसी बीच तूफान की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कोठरी के पास खड़ा एक पुराना भारी-भरकम पेड़ जड़ से उखड़ गया और सीधे कोठरी की छत पर जा गिरा। पेड़ के वजन से छत पूरी तरह ढह गई और अंदर मौजूद सभी लोग मलबे के नीचे दब गए।

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत बचाव के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने भारी मशक्कत कर मलबे को हटाया और नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। इस दुखद हादसे में तरकपुरोली निवासी 40 वर्षीय लक्ष्मी पत्नी अमर सिंह की मलबे में दबने से घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं। मृतका अपने पीछे चार बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं, जिनमें से एक बेटी का विवाह हो चुका है। हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में हाहाकार मचा हुआ है और पूरे गांव में मातम का माहौल है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!