Breaking News

शकूरपुर में बिजली संकट गहराया: छोटे ट्रांसफार्मर को देख ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, विभाग को दी चेतावनी।

शकूरपुर में बिजली संकट गहराया: छोटे ट्रांसफार्मर को देख ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, विभाग को दी चेतावनी।

संवाददाता: शिवेंद्र यादव

बिनावर (बदायूं)। जनपद बदायूं के थाना बिनावर क्षेत्र के गांव शकूरपुर में पिछले 20 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। भीषण गर्मी और अंधेरे से त्रस्त ग्रामीणों ने सोमवार को बिजली घर पर प्रदर्शन किया था, जिसके बाद गुरुवार को विद्युत विभाग के अवर अभियंता सतीश चंद्र द्वारा गांव में 10 केवीए का एक छोटा ट्रांसफार्मर भिजवाया गया। विभाग की इस कार्रवाई से ग्रामीण संतुष्ट होने के बजाय और अधिक भड़क गए। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लगभग 70 से 75 बिजली कनेक्शन हैं, जिनका भार यह छोटा ट्रांसफार्मर सहन नहीं कर पाएगा और चालू होते ही दोबारा फुंक जाएगा।

आक्रोशित ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में विभाग को चेतावनी दी है कि उन्हें कम से कम 25 केवीए का ट्रांसफार्मर चाहिए। यदि विभाग ने जल्द ही बड़ी क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित नहीं किया, तो समस्त ग्रामवासी बदायूं जिलाधिकारी से मिलकर इस लापरवाही की लिखित शिकायत करेंगे। प्रदर्शन के दौरान चंद्रावती देवी, फूलन देवी, रीता देवी, बेचेलाल प्रधान, धर्मपाल सिंह और डॉ. सुमन कुमार समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि करीब 2000 की आबादी वाले इस गांव में पहले भी छोटे ट्रांसफार्मर लगाए गए थे जो लोड न झेल पाने के कारण एक-एक कर खराब हो गए। बिजली न होने से मोबाइल चार्जिंग से लेकर पंखे और कूलर जैसे जरूरी उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं।

इस पूरे विवाद पर सफाई देते हुए अवर अभियंता सतीश चंद्र ने बताया कि ग्रामीणों की समस्या उनके संज्ञान में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में तत्काल राहत देने के उद्देश्य से 10 केवीए का ट्रांसफार्मर भेजा गया है। जे.ई. ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि आगामी एक-दो दिनों के भीतर ही गांव में 25 केवीए का बड़ा ट्रांसफार्मर रखवा दिया जाएगा, जिससे विद्युत आपूर्ति की समस्या का स्थाई समाधान हो सके। फिलहाल ग्रामीण प्रशासन के इस आश्वासन के बाद समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!