Breaking News

फर्जी निकली बम धमकी, पासपोर्ट कार्यालय में घंटों चली जांच के बाद हालात सामान्य।

फर्जी निकली बम धमकी, पासपोर्ट कार्यालय में घंटों चली जांच के बाद हालात सामान्य।

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बरेली। शहर के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल ने शुक्रवार को प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड में ला दिया। सुबह करीब 11:15 बजे मिले इस संदेश के बाद चार मंजिला इमारत को तत्काल खाली कराकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। हालांकि कई घंटे चली जांच के बाद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर स्थिति सामान्य हो गई।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी को भेजे गए ईमेल में कार्यालय भवन को विस्फोट से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए।

सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर की घेराबंदी कर आम लोगों की आवाजाही रोक दी और एक-एक कमरे, छत व आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की। इस दौरान कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल भी देखने को मिला।

कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद जब कहीं कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली, तो अधिकारियों ने इसे शरारती तत्व की हरकत मानते हुए राहत की सांस ली।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना और तकनीकी टीमों को जांच सौंपी गई है। ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए डिजिटल ट्रैकिंग की जा रही है और जल्द ही आरोपी तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।

प्रशासन ने कहा है कि इस तरह की अफवाहें अनावश्यक दहशत फैलाती हैं और सुरक्षा तंत्र पर अतिरिक्त दबाव डालती हैं। दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है, जबकि पासपोर्ट कार्यालय में कार्य धीरे-धीरे सामान्य हो गया है।

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!