Breaking News

कासगंज: सोरों में रंग पंचमी पर निकली भव्य शोभायात्रा, रंग और भक्ति में सराबोर हुआ नगर।

सोरों में रंग पंचमी पर निकली भव्य शोभायात्रा, रंग और भक्ति में सराबोर हुआ नगर।

जुम्मन कुरैशी, संवाददाता 

कासगंज। जनपद कासगंज की तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र में रंग पंचमी का पर्व इस वर्ष भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गंगा-वराह और गोस्वामी तुलसीदास से संबंधित दो दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियों के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत सोरों स्थित प्राचीन वराह मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। समाजसेवी सुनील तिवारी ने मां गंगा और भगवान वराह की आरती कर शोभायात्रा को विधिवत रवाना किया। इसके बाद शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्वागत किया और प्रसाद का वितरण किया।

शोभायात्रा में शामिल लोग डीजे और बैंड-बाजों की धुन पर नाचते-गाते हुए रंग और गुलाल उड़ाते नजर आए। फाग गीतों की गूंज से पूरा वातावरण होली के रंग में रंगा हुआ दिखाई दिया।

कार्यक्रम में भाजपा नेता सीमा उपाध्याय, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार तथा कासगंज सदर एसडीएम संजीव कुमार ने द्वारकाधीश मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आयोजन में भाग लिया।

यह आयोजन गंगा भक्ति समिति के तत्वावधान में संपन्न हुआ। समिति के अध्यक्ष सतीश चंद्र भारद्वाज ने मुख्य अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए ठंडाई और पूरी-सब्जी के प्रसाद की व्यवस्था भी की गई।

शोभायात्रा वराह मंदिर से प्रारंभ होकर चंदन चौक, रामसिंहपुरा, कछला गेट, सहावर गेट, अनाज मंडी चौराहा और बदरिया मोहल्ला सहित कई मार्गों से गुजरते हुए पुनः वराह मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम का संचालन हेमंत त्रिगुणायत ने किया।

गंगा भक्ति समिति के अध्यक्ष सतीश चंद्र भारद्वाज ने कहा कि रंग पंचमी महोत्सव आपसी प्रेम, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को सशक्त करने का संदेश देता है। ऐसे आयोजन समाज में एकता और सद्भाव को बढ़ावा देते हैं।

 

 

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!