Breaking News

बरेली: दिल्ली भागने की फिराक में थे नकबजन, मुठभेड़ में दबोचे गए; तीन लाख से अधिक नकदी और असलाह बरामद।

दिल्ली भागने की फिराक में थे नकबजन, मुठभेड़ में दबोचे गए; तीन लाख से अधिक नकदी और असलाह बरामद।

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बरेली। जिले के शाही कस्बे में हुई नकबजनी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवर बेचकर जुटाई गई ₹3,00,320 की नकदी, दो तमंचे (.315 बोर), कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

घटना 5/6 फरवरी की दरमियानी रात की है। थाना शाही क्षेत्र के मोहल्ला आजमनगर में चाँद बाबू के घर का ताला तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण और ₹28 हजार की नकदी चोरी कर ली थी। वारदात के बाद से पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार बैंसला के नेतृत्व में 25 फरवरी की रात पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी चोरी के जेवर बेचकर मिले रुपयों के साथ दिल्ली भागने की तैयारी में हैं। सूचना पर बीएसएनएल चौराहे के पास घेराबंदी की गई। पुलिस के मुताबिक, घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में इमरान के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी तौफीक को मौके पर ही दबोच लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में वांछित रहे हैं और क्षेत्र में सक्रिय नकबजनी गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं। बरामद नकदी को हालिया चोरी की घटना से जोड़कर जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!