Breaking News

बहेड़ी: ऑपरेशन के दौरान बिगड़ी हालत, चिकित्सक व संचालक बताए जा रहे फरार; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा। 

ऑपरेशन के दौरान बिगड़ी हालत, चिकित्सक व संचालक बताए जा रहे फरार; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा। 

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बरेली। बहेड़ी नगर के बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान 33 वर्षीय महिला की मौत से हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पिपरिया रंजीत निवासी गीता (33), पत्नी राजपाल, को बच्चेदानी में गांठ की शिकायत थी। परिजन उन्हें ऑपरेशन के लिए बाईपास स्थित यूनिसन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई, लेकिन समय पर समुचित चिकित्सीय प्रबंधन नहीं किया गया।

परिजनों का यह भी कहना है कि हालत गंभीर होने पर संबंधित डॉक्टर अस्पताल छोड़कर चला गया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। अस्पताल परिसर में नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद अस्पताल संचालक और संबंधित चिकित्सक के मौके से अनुपस्थित होने की चर्चा से लोगों में संदेह और बढ़ गया है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बाईपास और आसपास के क्षेत्रों में कई निजी अस्पताल पर्याप्त संसाधन और विशेषज्ञ चिकित्सकों के बिना संचालित हो रहे हैं, जिनकी नियमित जांच नहीं होती।

कोतवाल पवन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभी तक परिजनों की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

यह घटना छोटे कस्बों में निजी स्वास्थ्य संस्थानों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। फिलहाल सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।

 

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!