Breaking News

शाहजहांपुर: प्रबंधकीय विकास कार्यक्रम के तीसरे दिन भावनात्मक बुद्धिमत्ता और नेतृत्व पर हुआ विचार-मंथन।

प्रबंधकीय विकास कार्यक्रम के तीसरे दिन भावनात्मक बुद्धिमत्ता और नेतृत्व पर हुआ विचार-मंथन।

मुबारक अली | संवाददाता

शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग में आयोजित प्रबंधकीय विकास कार्यक्रम के तीसरे दिन “भावनात्मक बुद्धिमत्ता और नेतृत्व” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता सन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक डॉ. विकास अग्रवाल रहे।

अपने संबोधन में डॉ. अग्रवाल ने कहा कि एक सफल नेता बनने के लिए केवल बौद्धिक क्षमता पर्याप्त नहीं होती, बल्कि भावनाओं को समझना, उन्हें नियंत्रित करना और दूसरों की भावनाओं के प्रति संवेदनशील होना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सच्चा नेता वही होता है जो अपने अधीनस्थों को आगे बढ़ाने में सहयोग करता है।

नेतृत्व क्षमता के विकास के लिए आत्म-जागरूकता को आवश्यक बताते हुए उन्होंने कहा कि व्यक्ति को यह समझना चाहिए कि वह किसी परिस्थिति में क्या महसूस कर रहा है और उसका व्यवहार दूसरों पर किस प्रकार प्रभाव डालता है। उन्होंने आत्म-नियंत्रण को नेतृत्व की मूलभूत आवश्यकता बताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में शांत रहकर संतुलित निर्णय लेना ही वास्तविक नेतृत्व की पहचान है।

डॉ. अग्रवाल ने सहानुभूति के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रभावी नेता वही होता है जो अपने साथ कार्य करने वाले लोगों की समस्याओं और दृष्टिकोण को समझ सके। इससे टीम भावना मजबूत होती है और कार्यस्थल का वातावरण सकारात्मक बनता है। इसके लिए नेता का दृष्टिकोण सकारात्मक होना आवश्यक है।

उन्होंने तनाव प्रबंधन से जुड़ी उपयोगी तकनीकों की जानकारी देते हुए कहा कि जीवन और करियर में दबाव की स्थितियाँ सामान्य हैं, लेकिन भावनात्मक रूप से संतुलित व्यक्ति ही इन परिस्थितियों का सही ढंग से सामना कर सकता है। व्याख्यान के दौरान भावनात्मक प्रतिक्रियाओं को पहचानने, तनाव के समय धैर्य बनाए रखने और कठिन परिस्थितियों में विवेकपूर्ण निर्णय लेने की प्रेरणा दी गई।

कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. शिवानी भारद्वाज ने चंदन तिलक लगाकर तथा डॉ. गौरव सक्सेना ने पटका पहनाकर मुख्य वक्ता का स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. अर्चना गर्ग, डॉ. विनीता राठौर, डॉ. कविता भटनागर, डॉ. सचिन खन्ना, सुयश सिन्हा, डॉ. कमलेश गौतम सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!