Breaking News

नशे की सनक और दबंगई ने छीनी 16 साल के किशोर की जिंदगी।

नशे की सनक और दबंगई ने छीनी 16 साल के किशोर की जिंदगी।

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बरेली। थाना हाफिजगंज क्षेत्र के रिठौरा कस्बे में नशे और दबंगई ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मामूली कहासुनी के बाद हुई हिंसक वारदात में 16 वर्षीय किशोर समीर अहमद की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने न सिर्फ इलाके की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा कर दी है।

घटना 30 जनवरी की रात की बताई जा रही है। समीर अहमद पुत्र शरीफ अहमद मोटरसाइकिल से घर के लिए जरूरी सामान लेने दुकान गया था। वापस लौटते समय रास्ते में चार युवक—आरिफ, जाकिर, आयान और करन—नशे की हालत में उससे उलझ गए। मोटरसाइकिल चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसा में तब्दील हो गया। आरोप है कि चारों ने समीर के साथ मारपीट की और उसके पेट में चाकू मार दिया।

घायल अवस्था में परिजन उसे तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर देखते हुए दिल्ली रेफर कर दिया गया। इलाज के लिए ले जाते समय 1 फरवरी को रास्ते में ही समीर ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम कराया।

मृतक के पिता शरीफ अहमद की तहरीर पर थाना हाफिजगंज पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से रिठौरा कस्बे में शोक और गुस्से का माहौल बना हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से नशीले पदार्थों की खुलेआम बिक्री हो रही है। यदि समय रहते इस पर सख्ती की जाती, तो शायद एक नाबालिग की जान बच सकती थी। लोगों ने प्रशासन से नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, नियमित गश्त और दोषियों को कठोर सजा दिलाने की मांग की है।

यह वारदात एक बार फिर इस बात की चेतावनी है कि नशे और हिंसा पर प्रभावी नियंत्रण न होने की कीमत मासूम जिंदगियों को चुकानी पड़ रही है।

फाइल फोटो 

बाइट- नौशाद मृतक का भाई

 

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!