Breaking News

शाहजहांपुर: नगर आयुक्त की अध्यक्षता में सिटी हीट एक्शन प्लान पर मंथन, लू से बचाव की रणनीति तय।

नगर आयुक्त की अध्यक्षता में सिटी हीट एक्शन प्लान पर मंथन, लू से बचाव की रणनीति तय।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर।

आगामी गर्मी के मौसम और लू के संभावित प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने अभी से तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में ‘सिटी हीट एक्शन प्लान’ तैयार करने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता नगर आयुक्त विपिन कुमार मिश्र ने की।

बैठक में विशेषज्ञ पैनल और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। इसका मुख्य उद्देश्य गर्मी के दौरान आमजन को राहत प्रदान करना और हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना रहा।

नगर आयुक्त विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि इस एक्शन प्लान का फोकस विशेष रूप से उन नागरिकों पर रहेगा, जिन्हें दिन के समय अधिक देर तक घर से बाहर रहना पड़ता है। उन्होंने कहा कि शहर में ग्रीन एरिया नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा, जिससे प्राकृतिक छाया बढ़े और तापमान के प्रभाव को कम किया जा सके।

बैठक में लिए गए अहम निर्णयों के तहत सड़कों के किनारे अधिक से अधिक छायादार वृक्ष लगाए जाएंगे। साथ ही ट्रैफिक सिग्नलों पर रेड लाइट के दौरान खड़े दोपहिया वाहन चालकों और यात्रियों को धूप से राहत देने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे।

इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ की संख्या बढ़ाने, पशु-पक्षियों के लिए भी पेयजल की व्यवस्था करने तथा पेड़-पौधों की नियमित सिंचाई सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।

नगर आयुक्त ने बताया कि ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों और बड़े अपार्टमेंट्स के कम्युनिटी सेंटर्स का उपयोग भी गर्मी से बचाव के लिए किया जा सकता है। इन केंद्रों को इस प्रकार आमजन के लिए खोला जाएगा कि स्थानीय निवासियों की सुविधाएं प्रभावित न हों।

उन्होंने यह भी बताया कि नगर निगम क्षेत्र में पहले से मौजूद यात्री शेडों की मरम्मत कराई जाएगी तथा 10 नए यात्री शेड बनाए जाने की भी तैयारी है, ताकि लोगों को धूप से बचने के लिए सुरक्षित स्थान मिल सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया संकल्प।

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया …

error: Content is protected !!