Breaking News

शाहजहांपुर: बिना हेलमेट पेट्रोल देने वाले पंपों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश : डीएम।

बिना हेलमेट पेट्रोल देने वाले पंपों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश : डीएम।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहाँपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ अभियान के अंतर्गत बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल देने वाले पेट्रोल पंपों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके लिए जिला पूर्ति अधिकारी को विशेष रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि टूरिस्ट एवं यात्री बसों में किसी भी दशा में गैस सिलेंडर अथवा ज्वलनशील पदार्थ नहीं होने चाहिए। साथ ही स्लीपर बसों में केबिन पर्दे प्रतिबंधित रहेंगे और इसका कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा।

उन्होंने सड़कों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश देते हुए नगर निगम एवं नगर निकायों को यातायात जागरूकता अभियान के तहत प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग्स लगवाने को कहा। इसके साथ ही चिन्हित ट्रामा सेंटरों की सूची सभी थानों में सर्कुलेट करने के निर्देश दिए गए, ताकि दुर्घटना की स्थिति में घायलों को त्वरित उपचार मिल सके।

जिलाधिकारी ने गन्ना लदी ट्रालियों के पीछे लाल कपड़ा एवं रिफ्लेक्टर अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए। वहीं कटरा, रोजा, तिलहर, कांट, अल्लाहगंज एवं जलालाबाद मार्गों पर रोड सेफ्टी के तहत सफेद पेंट, साइन बोर्ड, संकेतक एवं ब्रेकर आदि कार्य प्राथमिकता पर कराने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने दोपहिया वाहनों पर हेलमेट और चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। साथ ही जहां-जहां आवश्यकता हो वहां रिफ्लेक्टर लगवाने, डिवाइडर एवं मोड़ों वाले स्थानों पर विशेष रूप से रिफ्लेक्टर लगाने को कहा गया।

ज्वाइंट सड़कों पर टेबल टॉप, साइनेज एवं ब्लिंकर लगवाने तथा हाईवे व सड़कों के किनारे वाहनों को खड़ा न होने देने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग सुनिश्चित कराने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, एआरटीओ सर्वेश कुमार सिंह सहित लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!