Breaking News

शाहजहांपुर: रौजा में रास्ते बंद करने पर वित्त मंत्री ने डीआरएम को लगाई फटकार।

रौजा में रास्ते बंद करने पर वित्त मंत्री ने डीआरएम को लगाई फटकार।

जनहित के मुद्दे पर निरीक्षण के दौरान भड़के सुरेश कुमार खन्ना।

मुबारक अली, संवाददाता 

शाहजहांपुर। रौजा क्षेत्र में रेल प्रशासन द्वारा आदर्श नगर कॉलोनी और चर्च कॉलोनी के आम नागरिकों के आवागमन के सभी रास्ते बंद किए जाने का मामला उस समय गंभीर हो गया, जब मौके पर निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना का आक्रोश फूट पड़ा। जनहित से जुड़े इस मामले पर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिस पर वित्त मंत्री ने उन्हें कड़े शब्दों में फटकार लगाई।

निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री बार-बार सख्त लहजे में संबंधित एएन (अधिकारी) को बुलाने की बात कहते नजर आए, लेकिन संबंधित अधिकारी मौके पर उपस्थित नहीं हुआ। इसकी जानकारी मिलने पर वित्त मंत्री की नाराजगी और बढ़ गई। डीआरएम ने स्थिति संभालते हुए बताया कि संबंधित अधिकारी मौके से जा चुके हैं, जिस पर वित्त मंत्री ने निरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर अधिकारियों की अनुपस्थिति को गंभीर लापरवाही बताया।

वित्त मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि रेलवे लाइन की बैरीकेडिंग सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक हो सकती है, लेकिन आम जनता के रोजमर्रा के उपयोग वाले सभी रास्तों को बंद कर देना और गड्ढे खुदवाकर आवागमन बाधित करना पूरी तरह जनविरोधी कदम है। उन्होंने सवाल उठाया कि जनता के रास्तों पर गड्ढे किस उद्देश्य से खुदवाए गए, लेकिन डीआरएम इसका कोई ठोस उत्तर नहीं दे सके।

उन्होंने दो टूक कहा कि जनता को बिना कारण परेशान करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षा के नाम पर अनावश्यक प्रतिबंध लगाकर आमजन का जीवन कठिन बनाना गलत है।

फटकार के बाद डीआरएम ने दिया आश्वासन।

वित्त मंत्री के सख्त रुख के बाद डीआरएम ने आश्वासन दिया कि नोटिफाइड एरिया स्कूल के पास खोदे गए गड्ढों को तत्काल भरवाया जाएगा, माल गोदाम जाने वाला मुख्य मार्ग बंद नहीं किया जाएगा, तथा अन्य मार्गों की समस्या के समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर एक समिति गठित की जाएगी, जिसमें जनता का एक प्रतिनिधि भी शामिल रहेगा, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, सांसद अरुण कुमार सागर, रेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय पार्षद अरविंद राजपाल, अरविंद सक्सेना, पत्रकार अनिल सिंह, एडवोकेट अजय गुप्ता, अनमोल सक्सेना, गुल मोहम्मद, अरविंद शर्मा सहित क्षेत्र के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!