Breaking News

शाहजहांपुर: गन्ना भुगतान में लापरवाही पर सख्ती, तय समय तक भुगतान न होने पर मिल संचालन पर रोक के निर्देश।

गन्ना भुगतान में लापरवाही पर सख्ती, तय समय तक भुगतान न होने पर मिल संचालन पर रोक के निर्देश।

मुबारक अली, संवाददाता 

शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। बैठक में कृषि विज्ञान केंद्र से आए डॉ. एन. पी. गुप्ता ने किसानों को तकनीकी एवं उन्नत खेती के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी।

बैठक के दौरान एआर को-ऑपरेटिव ने जनपद में यूरिया की उपलब्धता को लेकर किसानों को आश्वस्त किया। उन्होंने बताया कि जिले में यूरिया पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

किसानों ने बैठक में शिकायत करते हुए बताया कि मकसूदापुर चीनी मिल द्वारा गन्ने का भुगतान समय से नहीं किया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि 31 दिसंबर तक शतप्रतिशत किसानों का गन्ना भुगतान नहीं किया गया तो संबंधित चीनी मिल का संचालन रोक दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने जिला गन्ना अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी चीनी मिल परिसरों में किसानों के लिए पर्याप्त अलाव एवं रैन-बसेरा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिला गन्ना अधिकारी ने किसानों से अपील की कि चीनी मिल गेट पर निशुल्क लगाए जा रहे रिफ्लेक्टर अपने वाहनों पर अवश्य लगवाएं।

सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गन्ना भरी ट्रॉलियों के पीछे लाल कपड़ा अनिवार्य रूप से बांधा जाए और उसके साथ रिफ्लेक्टर भी लगाया जाए, ताकि दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं से संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रताप सिंह, जिला कृषि अधिकारी विकास किशोर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!