Breaking News

दवा व्यापारी हत्याकांड पर गरजे मंत्री — “अपराधियों पर होगी ऐसी कार्रवाई कि कांप उठेगी रूह”

दवा व्यापारी हत्याकांड पर गरजे मंत्री — “अपराधियों पर होगी ऐसी कार्रवाई कि कांप उठेगी रूह”

शैलेश सिंह, संवाददाता

डीडीयू नगर / चंदौली। दवा व्यापारी रोहिताश पाल की हत्या के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शनिवार को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, प्रभारी मंत्री संजय गोंड, राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह, मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल और चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने मृतक परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

17 अक्टूबर को अपराधियों ने रोहिताश पाल की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद व्यापारी वर्ग में भारी आक्रोश है। चार दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से चंदौली पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।

मीडिया से बातचीत में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने घटना को “अत्यंत दुखद” बताया। उन्होंने कहा कि मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विस्तृत चर्चा हो चुकी है और परिवार को न्याय दिलाने के लिए तेजी से कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री राजभर ने सख्त शब्दों में कहा— “चंदौली में अपराधियों की चुनौती बड़ी है, लेकिन कोई कितना भी बड़ा क्यों न हो, कानून के दायरे में आएगा। ऐसे कदम उठाए जाएंगे कि अपराधियों की रूह कांप जाएगी। भविष्य में कोई अपराध करने की सोच भी न सके, ऐसा संदेश दिया जाएगा।”

उन्होंने कहा कि मृतक का परिवार सरल और मेहनतकश है और सरकार उनकी पीड़ा को समझती है। परिवार की संतुष्टि तक कार्रवाई जारी रहेगी।

चुनाव आयोग को लेकर उठ रहे सवालों पर मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा— “चुनाव आयोग पूरी स्वतंत्रता से काम करता है। उसके निर्णय संविधान के अनुरूप होते हैं। विपक्ष बार-बार आयोग पर सवाल उठाकर केवल भ्रम फैला रहा है।”

उन्होंने कहा कि विपक्ष को सोशल मीडिया की बजाय जमीन पर आकर वास्तविकता समझने की जरूरत है। चुनाव आयोग एक प्रतिष्ठित संस्था है, उस पर उंगली उठाना उचित नहीं।

मुलाकात के दौरान राणा सिंह, कुंदन, राहुल जायसवाल, विशाल तिवारी, राकेश कनौजिया, अखिल पौद्दार, आशिष गुप्ता, किरण शर्मा, वीरेन्द्र सिंह, चन्द्र प्रकाश शर्मा, गीता रानी, मालती, डॉ. देविका बीवी, अजय मानूं आदि मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!