Breaking News

सरकारी नौकरी का लालच देकर ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब, मुख्य आरोपी गिरफ्तार।

सरकारी नौकरी का लालच देकर ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब, मुख्य आरोपी गिरफ्तार।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

बलरामपुर। बलरामपुर जिले में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हो गया है। थाना कोतवाली देहात पुलिस ने इस गैंग के मुखिया अमित कुमार उर्फ बड़े बाबू को नीलकोठी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर आरोप है कि वह बेरोजगार युवाओं को महिला कल्याण विभाग के चाइल्ड लाइन प्रोजेक्ट में नौकरी दिलाने का वादा करता था और बदले में मोटी रकम वसूलने के बाद फर्जी नियुक्ति पत्र सौंप देता था।

पचपेड़वा निवासी आकाश गुप्ता ने 7 नवंबर 2025 को कोतवाली देहात में तहरीर देकर खुलासा किया कि अमित कुमार ने खुद को बड़े बाबू पद पर तैनात बताते हुए उससे एक लाख रुपये की ठगी की। आरोप है कि आरोपी ने केस वर्कर के पद का फर्जी नियुक्ति पत्र दिया और लंबे समय तक उससे बिना वेतन काम भी कराया। जब पीड़ित ने वेतन की मांग की तो आरोपी अमित कुमार, संतोष कुमार और राजीव श्रीवास्तव ने न केवल भुगतान से इनकार कर दिया, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी।

शिकायत मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। उपनिरीक्षक अमित और उपनिरीक्षक अनूप को सूचना मिली कि वांछित आरोपी नीलकोठी के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी मूल रूप से बलिया जिले के मनियर गांव का निवासी है और वर्तमान में बलरामपुर के किशोर न्याय बोर्ड से संबद्ध रहते हुए विकास भवन में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत था।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने राजीव श्रीवास्तव और संतोष कुमार के साथ मिलकर बेरोजगार युवाओं से ठगी की योजना बनाई थी। फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार किए जाते थे और नियुक्ति के नाम पर लाखों रुपये वसूले जाते थे, जिनकी राशि तीनों आरोपी आपस में बांट लेते थे।

इस मामले में नामजद आरोपी संतोष कुमार को पुलिस पहले ही 8 नवंबर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि तीसरा आरोपी राजीव श्रीवास्तव अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। गिरोह के अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाई जा रही है और पूरे गैंग की गतिविधियों की गहन जांच चल रही है।

Byte- डाक्टर जितेन्द्र कुमार क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!