Breaking News

कासगंज में उधारी विवाद बना खूनी संघर्ष, युवक की हत्या, दूसरा गंभीर घायल।

कासगंज में उधारी विवाद बना खूनी संघर्ष, युवक की हत्या, दूसरा गंभीर घायल।

जुम्मन कुरैशी, संवाददाता 

कासगंज। सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के नवाबगंज नगरिया गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब उधारी के पैसों को लेकर कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दबंगों ने दिनदहाड़े धारदार हथियार से हमला कर युवक की हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव के लिए पहुंचे दूसरे युवक को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।

घटना का विवरण।

मृतक की पहचान राजकुमार पुत्र राजेंद्र प्रसाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजकुमार ने दबंगों से उधारी का पैसा मांगा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दबंगों ने धारदार हथियार से राजकुमार पर हमला बोल दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

राजकुमार को बचाने पहुंचे टिंकू पर भी हमलावरों ने वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में ग्रामीणों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात।

घटना की खबर मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और थाना सिकंदरपुर वैश्य की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने तीन सगे भाइयों को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है।

गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून-व्यवस्था किसी भी सूरत में बिगड़ने नहीं दी जाएगी।

ग्रामीणों में दहशत।

दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। लोग खुलकर हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने न्याय की गुहार लगाई है।

पुलिस की कार्रवाई।

पुलिस ने बताया कि घटना में नामजद तीनों भाइयों की तलाश की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। साथ ही गांव में शांति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।

बाइट- सुभाष, मृतक का परिजन।

Spread the love

Check Also

बदायूँ: हजरतपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गंगा एक्सप्रेसवे पर डेढ़ करोड़ की अवैध शराब लदा ट्रक पकड़ा।

बदायूँ: हजरतपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गंगा एक्सप्रेसवे पर डेढ़ करोड़ की अवैध शराब लदा …

error: Content is protected !!