Breaking News

बदायूं में 356 दिव्यांगजनों को मिले सहायक उपकरण, 14 को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल वितरित।

बदायूं क्लब में आयोजित शिविर में कृत्रिम हाथ-पैर, ट्राईसाइकिल और व्हीलचेयर सहित उपकरण बांटे गए, केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा रहे मुख्य अतिथि।

बदायूं। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को बदायूं क्लब में निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित किया गया। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से आयोजित शिविर में कुल 356 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

शिविर में पात्र दिव्यांगजनों को 172 ट्राईसाइकिल, 56 जोड़ी बैसाखी, पांच व्हीलचेयर, 105 कृत्रिम हाथ एवं पैर, चार स्मार्ट केन और 14 बैटरी चालित ट्राईसाइकिल निःशुल्क प्रदान की गईं। उपकरण मिलने से दिव्यांगजनों को दैनिक गतिविधियों में सुविधा मिलने और आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि यदि किसी पात्र दिव्यांगजन को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल की आवश्यकता है तो वह राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थित दिव्यांशा केंद्र पहुंचकर निर्धारित नियमों और आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करते हुए अपना नाम दर्ज करा सकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पात्र लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है। सरकार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ पात्र व्यक्तियों को आवास जैसी सुविधाएं भी प्रदान कर रही है।

सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि सरकार बिना भेदभाव के प्रत्येक वर्ग के पात्र व्यक्ति को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही दिव्यांगजनों के हित में पेंशन सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं।

शिविर में एमएलसी वागीश पाठक, भाजपा जिला उपाध्यक्ष शारदेन्दु पाठक, उपायुक्त स्वतः रोजगार रवि प्रकाश सिंह और जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी संतोष कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

सहसवान में रामलीला से पहले निकली भगवान श्री गणेश की भव्य शोभायात्रा।

प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ रहे तैनात, कमेटी अध्यक्ष गौतम असावा …