Breaking News

नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में युवक गिरफ्तार।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर यात्री शेड के पास से आरोपी को पकड़ा, न्यायालय में किया पेश।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। कांट थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में वांछित चल रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।

पुलिस के मुताबिक तीन फरवरी 2026 को एक व्यक्ति ने थाने में सूचना दी थी कि उसकी नाबालिग बेटी को कोई व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर कांट थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान आरोपी के रूप में अर्जुन पुत्र ठाकुरदास, निवासी अकबरपुर, थाना खुदागंज का नाम सामने आया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो अधिनियम की धाराएं भी शामिल की थीं।

पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान शनिवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चौहानापुर रोड स्थित सरथौली यात्री शेड के पास से अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार तोमर, उपनिरीक्षक सुधीर कुमार और उपनिरीक्षक इंद्रपाल सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

आठ साल से जारी आंखों की रोशनी लौटाने की मुहिम, बहेड़ी में 200 मरीजों की जांच।

65 मरीजों का नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए चयन, दवा से लेकर अस्पताल आने-जाने और भोजन …