Breaking News

6.49 लाख रुपये की लूट की कहानी निकली झूठी, कलेक्शन एजेंट गिरफ्तार।

6.49 लाख रुपये की लूट की कहानी निकली झूठी, कलेक्शन एजेंट गिरफ्तार।

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। स्पाइस मनी कंपनी के 6 लाख 49 हजार रुपये लूटे जाने की सूचना झूठी निकली। कंपनी की रकम हड़पने के इरादे से कलेक्शन एजेंट ने लूट की मनगढ़ंत कहानी रची थी। कोतवाली पुलिस ने एसपी के निर्देशन में महज छह घंटे के भीतर घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बृहस्पतिवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी अयाज मोहम्मद खान निवासी मोहल्ला हद्दफ को कंपनी की ओर से 10 लाख रुपये की ओवरड्राफ्ट लिमिट दी गई थी। बाद में कंपनी का बिजनेस कम होने के कारण उसकी लिमिट घटाकर पांच लाख रुपये कर दी गई थी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी कारोबार में लगातार नुकसान उठा रहा था। उसने कंपनी की ओर से उपलब्ध कराई गई रकम से एक प्लॉट भी खरीद लिया था। कारोबार में 20 से 25 हजार रुपये तक के लगातार नुकसान के चलते उस पर करीब पांच लाख रुपये की देनदारी हो गई थी। वह कंपनी की रकम चुकाने की स्थिति में नहीं था। कंपनी का कलेक्शन हेड लगातार उससे धनराशि जमा करने का दबाव बना रहा था, लेकिन वह केवल भुगतान का आश्वासन देता रहा।

इसी दबाव से बचने और कंपनी की रकम हड़पने के इरादे से आरोपी ने 19 नवंबर को ककरा के पास दो बाइक सवारों द्वारा 6 लाख 49 हजार रुपये लूटे जाने की झूठी सूचना डायल 112 पर दे दी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने महज छह घंटे में पूरी सच्चाई सामने ला दी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों से बैग बरामद किया, जिसमें कागज के टुकड़े और बैंक से संबंधित दस्तावेज मिले।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लूट की झूठी घटना का पर्दाफाश हो गया।

Spread the love

Check Also

सीडीओ ने गो-संरक्षण केंद्र और प्राथमिक विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण।

सीडीओ ने गो-संरक्षण केंद्र और प्राथमिक विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण। बदायूं। मुख्य विकास अधिकारी …