Breaking News

साले को मारने पहुंचे हमलावर, बहनोई को रघुवीर समझकर कुल्हाड़ी से काट डाला।

तख्त पर सो रहे 50 वर्षीय रामरतन पाल पर किए कई वार, अस्पताल ले जाते समय मौत; दो आरोपी हिरासत में।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। अलीगंज थाना क्षेत्र के बिहारीपुर गांव में मंगलवार रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। साले को निशाना बनाने पहुंचे हमलावरों ने अंधेरे में उसके बहनोई को रघुवीर समझ लिया और तख्त पर सो रहे 50 वर्षीय रामरतन पाल पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल रामरतन को परिजन अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।

बताया गया कि बदायूं के उझानी थाना क्षेत्र के पीर बट्टू गांव निवासी रामरतन पाल अपने साले रघुवीर पाल के घर कनागत कार्यक्रम में शामिल होने बिहारीपुर आए थे। रात में गांव के हरपाल, मुकुट, नन्हे और लाखन कथित तौर पर शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे थे। रघुवीर ने इसका विरोध किया तो आरोपियों से कहासुनी हो गई। मामला शांत होने के बाद रघुवीर किसी काम से खेत की ओर चले गए।

इसी दौरान रामरतन बैठक में रखे तख्त पर सो गए। आरोप है कि कुछ देर बाद चारों नामजद आरोपी एक अन्य व्यक्ति के साथ वहां पहुंचे। अंधेरे में उन्होंने तख्त पर सो रहे रामरतन को रघुवीर समझ लिया और कुल्हाड़ी से उनके सिर पर कई वार कर दिए। चीख-पुकार सुनकर रघुवीर की पत्नी आरती और चचेरे भाई भोगेंद्र मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गए।

परिजन खून से लथपथ रामरतन को अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

रघुवीर की तहरीर पर पुलिस ने हरपाल, मुकुट, नन्हे और लाखन समेत एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने मुकुट और हरपाल को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद किए जाने की बात पुलिस ने कही है।

एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर वारदात के कारण और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।

फाइल फोटो 

Spread the love

Check Also

किसानों की पांच समस्याओं को लेकर भाकियू ने उठाई आवाज।

गन्ना भुगतान, बदहाल सड़कों और जलभराव समेत विभिन्न मुद्दे उठाए। संवाददाता, मोहम्मद वसीम  बरेली। बहेड़ी …