Breaking News

युवा बनें मतदाता, पात्र युवाओं का नाम सूची में जुड़वाने को एसडीएम ने किया जागरूक।

बूथों का निरीक्षण कर बीएलओ को फॉर्म-6 तत्काल ऑनलाइन करने के निर्देश, सभासदों से मांगा सहयोग।

संवाददाता, वसीम कुरैशी

गंजडुंडवारा, कासगंज। मतदाता सूची में कोई भी पात्र युवा और नागरिक शामिल होने से वंचित न रहे, इसके लिए प्रशासन ने मतदाता पंजीकरण अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में एसडीएम पटियाली सुशांत सांवरे ने बुधवार को नगर गंजडुंडवारा के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर पंजीकरण कार्य की प्रगति परखी और बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बीएलओ को निर्देश दिए कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्राप्त फॉर्म-6 को समय से भरवाकर तत्काल ऑनलाइन किया जाए। किसी भी पात्र व्यक्ति का आवेदन लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने में बीएलओ की भूमिका महत्वपूर्ण है, इसलिए पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करें। बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ का उन्होंने उत्साहवर्धन भी किया।

इस दौरान एसडीएम ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने अपील की कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। युवाओं को आगे आकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

एसडीएम ने सभासदों से भी वार्ता कर मतदाता पंजीकरण अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभासद अपने-अपने वार्डों में ऐसे युवाओं और नागरिकों को चिह्नित करें, जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है। उन्हें बीएलओ तक पहुंचने और फॉर्म-6 भरवाने के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से छूट न जाए।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता बनने का अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, बीएलओ और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। इस मौके पर लेखपाल विवेक कुमार, बीएलओ अकरम, सभासद इमरान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

हजरतपुर में युवक ने फंदे से लटककर दी जान, पुलिस जांच में जुटी।

हजरतपुर में युवक ने फंदे से लटककर दी जान, पुलिस जांच में जुटी। बदायूं। हजरतपुर …