Breaking News

मेला ककोड़ा में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ झंडी पूजन, 23 नवंबर को होगा उद्घाटन।

24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर होगा मुख्य स्नान, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम।

बदायूं। रूहेलखंड के मिनी कुंभ के नाम से प्रसिद्ध मेला ककोड़ा में मंगलवार को मां ककोड़ा देवी मंदिर से झंडी लाकर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन कर स्थापित की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता सिंह और मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी में धार्मिक परंपराओं के अनुसार झंडी पूजन संपन्न हुआ। इसके बाद अधिकारियों ने मेले की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। मेला का औपचारिक उद्घाटन 23 नवंबर को होगा, जबकि 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मुख्य गंगा स्नान संपन्न होगा। मेला एक दिसंबर तक चलेगा।

झंडी पूजन के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा सिंह ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मेला ककोड़ा पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, जिससे किसी को परेशानी न हो।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता सिंह ने बताया कि मेले में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को छह जोन में बांटा गया है तथा यातायात के लिए अलग जोन निर्धारित किया गया है। विभिन्न प्रकार के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। गंगा स्नान के लिए सुरक्षित क्षेत्र निर्धारित किया गया है, जहां पुलिसकर्मियों के साथ गोताखोर भी तैनात रहेंगे। झूलों की सुरक्षा जांच कराई गई है। महिला श्रद्धालुओं की सहायता के लिए मिशन शक्ति केंद्र और खोया-पाया केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा मेला थाना एवं पुलिस चौकियों के माध्यम से 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए मोबाइल एंबुलेंस और मोबाइल फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी की गई है।

मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। सफाई के लिए 24 घंटे कर्मचारियों की टीम तैनात रहेगी। पेयजल के लिए मोबाइल वाटर टैंकर, मोबाइल शौचालय और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है। चिकित्सा सुविधाओं के तहत 10 बेड का अस्थायी अस्पताल और लेबर रूम भी बनाया गया है। इसके साथ ही यातायात प्रबंधन और विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभागीय स्टॉल लगाए जाएंगे।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। श्रद्धालुओं से सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने तथा गंगा की पवित्र धारा में कूड़ा-कचरा और प्लास्टिक न डालने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि मेला क्षेत्र और गंगा की स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह, उप जिलाधिकारी सदर श्री सांई आश्रित शाखमुरी, एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

बहेड़ी की सियासत में एक करोड़ रुपये की कथित पेशकश की चर्चा, चुनावी समीकरणों को लेकर अटकलें तेज।

बहेड़ी की सियासत में एक करोड़ रुपये की कथित पेशकश की चर्चा, चुनावी समीकरणों को …