Breaking News

सड़क पर लहूलुहान पड़े दो युवकों के लिए देवदूत बने सीओ पटियाली, अपनी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल।

धुबियाई पुलिया के पास क्षतिग्रस्त बाइक के निकट गंभीर हालत में मिले थे दोनों युवक, सीओ अमित कुमार की तत्परता से बची जान; अब खतरे से बाहर।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

कासगंज। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे पड़े दो युवकों के लिए क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार देवदूत बनकर पहुंचे। रास्ते में दोनों युवकों को लहूलुहान हालत में देखकर उन्होंने तत्काल अपनी गाड़ी रुकवाई और बिना देर किए अपनी सरकारी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से दोनों युवकों की जान बच गई। सीओ की इस मानवीय पहल और तत्परता की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मंगलवार 10 नवंबर की रात करीब 10 बजे सीओ पटियाली अमित कुमार एक आवश्यक सूचना के सिलसिले में ग्राम रंजीतपुर जा रहे थे। इसी दौरान थाना गंजडुंडवारा क्षेत्र के ग्राम धुबियाई स्थित पुलिया के पास उन्हें एक क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल दिखाई दी। पास ही दो युवक गंभीर हालत में पड़े थे और उनके सिर से काफी खून बह रहा था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीओ ने तत्काल पीआरवी-112 को सूचना दी। एंबुलेंस का इंतजार किए बिना उन्होंने दोनों घायलों को अपनी सरकारी गाड़ी में बैठाया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंजडुंडवारा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को जिला चिकित्सालय कासगंज रेफर कर दिया। समय पर इलाज मिलने से दोनों की जान बच गई। चिकित्सकों के अनुसार अब दोनों की हालत खतरे से बाहर है।

घायलों की पहचान गजेंद्र कुमार पुत्र शिवराज और संजू पुत्र मदनलाल निवासी नगला गिरधारी, थाना बागवाला, जिला एटा के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान एक घायल ने बताया कि अत्यधिक नशे की हालत में मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई थी, जिससे दोनों हादसे का शिकार हो गए।

सीओ अमित कुमार की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता की घायलों के परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

 

Spread the love

Check Also

बिसौली क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया भाई दूज का पर्व।

बिसौली क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया भाई दूज का पर्व। आई एम खान  …