Breaking News

बहेड़ी में स्थापित हुआ ईवीएम प्रदर्शन केंद्र, मतदान प्रक्रिया से रूबरू होंगे युवा।

बहेड़ी में स्थापित हुआ ईवीएम प्रदर्शन केंद्र, मतदान प्रक्रिया से रूबरू होंगे युवा।

संवाददाता: मोहम्मद वसीम

बहेड़ी (बरेली)। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं की जिज्ञासाओं को दूर करने और मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से तहसील बहेड़ी में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किया गया है। यहां युवा मतदाताओं के साथ आम नागरिकों को भी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन कर मतदान की पूरी प्रक्रिया समझाई जाएगी।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा क्षेत्र 118-बहेड़ी में शुरू की गई इस पहल के तहत नागरिकों को ईवीएम के संचालन, मशीन में वोट दर्ज होने और वीवीपैट के माध्यम से अपने मत की पुष्टि करने की जानकारी दी जाएगी।

निर्वाचन विभाग की इस पहल में विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी शामिल किया जाएगा। इसके लिए शिक्षकों के समन्वय से विद्यार्थियों को ईवीएम प्रदर्शन केंद्र का भ्रमण कराया जाएगा, ताकि वे लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदान प्रक्रिया और अपने मताधिकार के महत्व को करीब से समझ सकें।

उपजिलाधिकारी बहेड़ी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जागरूक मतदाता होना जरूरी है। ईवीएम प्रदर्शन केंद्र के माध्यम से नागरिक मतदान प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकेंगे और अपनी शंकाओं का समाधान कर सकेंगे। उन्होंने क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों और आम नागरिकों से इस पहल में भागीदारी करने की अपील की।

निर्वाचन विभाग का उद्देश्य विशेष रूप से नई पीढ़ी को मतदान के प्रति जागरूक करना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना है।

 

 

Spread the love

Check Also

सीडीओ ने गो-संरक्षण केंद्र और प्राथमिक विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण।

सीडीओ ने गो-संरक्षण केंद्र और प्राथमिक विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण। बदायूं। मुख्य विकास अधिकारी …