Breaking News

दत्तक ग्रहण गृहों में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, एडीएम ने किया औचक निरीक्षण।

दत्तक ग्रहण गृहों में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, एडीएम ने किया औचक निरीक्षण।

बदायूं। जनपद में संचालित राजकीय विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण एवं दलित ग्रामीण विकास संस्थान द्वारा संचालित दत्तक ग्रहण गृह का शुक्रवार को जिला निरीक्षण समिति ने औचक निरीक्षण किया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में हुई इस कार्रवाई के दौरान बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, खानपान, देखभाल और गृहों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण समिति ने महिला अस्पताल परिसर में संचालित राजकीय विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण तथा मोहल्ला नेकपुर की गली संख्या-01 स्थित दलित ग्रामीण विकास संस्थान के दत्तक ग्रहण गृह का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान शासन एवं भारत सरकार द्वारा निर्धारित मानकों का परीक्षण करते हुए जियो टैगिंग के साथ फोटोग्राफ भी लिए गए।

राजकीय विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण के प्रबंधक एवं समन्वयक ने बताया कि वर्तमान में गृह में तीन बच्चे रह रहे हैं। इनमें से एक बच्चा दत्तक ग्रहण पूर्व पालन-पोषण (प्री-एडॉप्शन फॉस्टर केयर) में है। सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा चुका है और उनका स्वास्थ्य सामान्य है। बच्चों से संबंधित कानूनी प्रक्रिया भी जारी है।

वहीं दलित ग्रामीण विकास संस्थान के सचिव अनूप सक्सेना ने बताया कि संस्था में विशेष आवश्यकता वाले दो बच्चे निवासरत हैं। दोनों बच्चों को आरक्षित किया जा चुका है और दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। उनका स्वास्थ्य भी सामान्य पाया गया।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह ने दोनों गृहों के संचालकों को निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा बच्चों के आवासीय कक्ष, शौचालय, स्नानगृह और रसोईघर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। गृहों में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति का विवरण अनिवार्य रूप से पंजिका में दर्ज किया जाए।

उन्होंने बायोमैट्रिक डिवाइस के माध्यम से बच्चों एवं कार्यरत कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज कराने और सभी अभिलेख व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।

एडीएम ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित किया कि दोनों गृहों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराते हुए निर्धारित मानकों का अनुपालन कराया जाए। निरीक्षण के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार सहित जिला निरीक्षण समिति के सदस्य, संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

सीडीओ ने गो-संरक्षण केंद्र और प्राथमिक विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण।

सीडीओ ने गो-संरक्षण केंद्र और प्राथमिक विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण। बदायूं। मुख्य विकास अधिकारी …