Breaking News

25 लाख रुपये के बकाये से बचने के लिए रची हत्या की साजिश, मवेशी व्यापारी की मौत; दो आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार।

25 लाख रुपये के बकाये से बचने के लिए रची हत्या की साजिश, मवेशी व्यापारी की मौत; दो आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। मवेशियों के कारोबार में बकाया 25 लाख रुपये का भुगतान करने से बचने के लिए पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। हमले में 21 वर्षीय मवेशी व्यापारी अकरम अली की मौत हो गई थी, जबकि उसके पिता अशरफ अली गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

पुलिस के मुताबिक, आंवला थाना क्षेत्र के मोहल्ला कच्चा कटरा निवासी अशरफ अली ने बकरीद के मौके पर बदायूं निवासी तौफीक को बकरे बेचे थे। इस सौदे के करीब 25 लाख रुपये बकाया थे, जिनका भुगतान 18 नवंबर को किया जाना था। आरोप है कि बकाया रकम चुकाने से बचने के लिए आरोपियों ने पिता-पुत्र की हत्या की साजिश रची और उन पर हमला कर दिया।

रविवार रात अशरफ अली अपने बेटे अकरम के साथ खेत से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में अकरम को दो गोलियां लगीं, जबकि उसके पिता अशरफ अली भी गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और स्थानीय लोग दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही अकरम ने दम तोड़ दिया।

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तौफीक कुरैशी पुत्र दानिश निवासी कच्चा कटरा, थाना आंवला और अशफाक उर्फ चौड़ा पुत्र नेसर फकीर निवासी ताड़गंज, थाना आंवला को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि मवेशी व्यापारी की हत्या के मामले में दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

बाइट- अंशिका वर्मा एसपी दक्षिणी बरेली।

फाइल फोटो 

Spread the love

Check Also

इंस्टाग्राम पर पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क, बहेड़ी में चल रही थी अवैध असलाह फैक्ट्री; चार गिरफ्तार, दो फरार।

इंस्टाग्राम पर पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क, बहेड़ी में चल रही थी अवैध असलाह फैक्ट्री; चार …