Breaking News

नगर आयुक्त के औचक निरीक्षण में 8 अधिकारी-कर्मचारी मिले अनुपस्थित, नगर निगम में मचा हड़कंप।

नगर आयुक्त के औचक निरीक्षण में 8 अधिकारी-कर्मचारी मिले अनुपस्थित, नगर निगम में मचा हड़कंप।

संवाददाता: मुबारक अली

शाहजहांपुर। नगर निगम कार्यालय में गुरुवार को नगर आयुक्त द्वारा किए गए औचक निरीक्षण से अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के कुल 8 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को अनुपस्थित कार्मिकों से स्पष्टीकरण लेकर तीन दिन के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को प्रातः 11 बजे नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त के साथ नगर निगम कार्यालय के विभिन्न अनुभागों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण विभाग में 6 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। लेखा विभाग में एक कर्मचारी तथा कर विभाग में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अनुपस्थित पाए गए।

वहीं जलकल एवं स्वास्थ्य विभाग में सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। पथ प्रकाश विभाग में भी सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने कार्यस्थल पर मौजूद पाए गए। संपत्ति विभाग में कर्मचारियों ने कुछ कार्मिकों के प्रशिक्षण एवं क्षेत्रीय कार्यों में लगे होने की जानकारी दी।

नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अनुपस्थित पाए गए कार्मिकों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर तीन दिन के भीतर प्रस्तुत किया जाए। इसके अलावा रोशनी गोदाम एवं पुराने कार्यालय भवन टाउनहॉल में बायोमेट्रिक मशीन लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही नए कार्यालय भवन में बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर ही वेतन संबंधी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचें और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें। कार्यालयों में समयबद्ध उपस्थिति और कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

 

Spread the love

Check Also

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान 13 नवंबर को बदायूं में करेंगी जनसुनवाई, महिला कल्याणकारी योजनाओं की लेंगी समीक्षा।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान 13 नवंबर को बदायूं में करेंगी …