Breaking News

शौचालय में युवक ने माथे पर गोली मारकर की आत्महत्या, मौके पर मौत।

गंजडुंडवारा के रंजीतपुर गांव में हुई घटना, पांच साल पहले हुई थी शादी; एक साल का मासूम बेटा छोड़ गया।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

गंजडुंडवारा (कासगंज)। कोतवाली क्षेत्र के गांव रंजीतपुर में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 28 वर्षीय युवक ने घर के शौचालय में जाकर कथित तौर पर तमंचे से अपने माथे पर गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय युवक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो युवक खून से लथपथ पड़ा था। घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई।

मृतक की पहचान गांव रंजीतपुर निवासी सुभाष (28) पुत्र चंद्रभान के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बुधवार को सुभाष शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसके बाद वह शौचालय में चला गया, जहां उसने खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन दौड़कर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

परिजनों के मुताबिक, सुभाष की शादी करीब पांच साल पहले प्रेमलता से हुई थी। उसके परिवार में पत्नी के अलावा एक साल का बेटा शिवांश है। युवक की असमय मौत से पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम बेटे के सिर से पिता का साया उठने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

 

Spread the love

Check Also

बिसौली क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया भाई दूज का पर्व।

बिसौली क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया भाई दूज का पर्व। आई एम खान  …