Breaking News

उझानी में कृष्ण-सुदामा की लीला ने श्रद्धालुओं को किया भाव-विभोर, मित्रता और भक्ति का दिया संदेश।

उझानी में कृष्ण-सुदामा की लीला ने श्रद्धालुओं को किया भाव-विभोर, मित्रता और भक्ति का दिया संदेश।

उझानी, बदायूं। श्री धर्मार्थ कामधेनु गौशाला (रजि.) के तत्वावधान में आयोजित श्री रामलीला महोत्सव-2026 के अंतर्गत सोमवार को दिव्य रासलीला का मंचन किया गया। कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता पर आधारित लीला का भावपूर्ण चित्रण किया, जिसे देखकर पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भावुक हो उठे।

मंचन के दौरान जब निर्धन सुदामा द्वारका पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण ने अपने बालसखा को गले लगाकर उनका स्वागत किया, तो वहां मौजूद भक्तों की आंखें नम हो गईं। कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय, संवाद और भजनों के माध्यम से मित्रता, प्रेम और समर्पण की भावना को जीवंत कर दिया। पूरे पंडाल में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना करने का सौभाग्य सहकारी क्रय-विक्रय सहकारी समिति के सभापति एवं वरिष्ठ भाजपा नेता किशनचंद्र शर्मा को प्राप्त हुआ। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना की और आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारे, प्रेम और आपसी समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं।

रामलीला एवं रासलीला का आयोजन परम पूज्य स्वामी श्री हरगोविंद जी महाराज के परम शिष्य स्वामी मुकेश हरि जी के पावन सानिध्य में किया जा रहा है। इस अवसर पर स्वामी मुकेश हरि जी ने अपने आशीर्वचनों में कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता सच्ची भक्ति, निस्वार्थ प्रेम और समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उनकी मित्रता से प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में प्रेम और सच्चे संबंधों का महत्व समझना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ भाजपा नेता किशनचंद्र शर्मा ने रासलीला के कलाकारों और पूज्य स्वामी मुकेश हरि जी का सम्मान किया। श्रद्धालुओं ने धार्मिक मंचन का आनंद लिया और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

 

 

Spread the love

Check Also

जरीफनगर के मालपुर ततेरा गांव में तीन किसानों की पशुशाला में लगी आग, बैल झुलसा।

जरीफनगर के मालपुर ततेरा गांव में तीन किसानों की पशुशाला में लगी आग, बैल झुलसा। …