Breaking News

उझानी में वाल्मीकि जयंती पर निकली आकर्षक शोभायात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत।

उझानी में वाल्मीकि जयंती पर निकली आकर्षक शोभायात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत।

उझानी, बदायूं। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सोमवार को उझानी नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। धार्मिक उत्साह और उल्लास के बीच निकली यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा और पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल ने मोहल्ला बहादुरगंज स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।

मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और आरती उतारी गई। इसके बाद ढोल-नगाड़ों और जय वाल्मीकि के जयघोष के साथ शोभायात्रा आगे बढ़ी। यात्रा बहादुरगंज से शुरू होकर मुख्य बाजार, बिल्सी रोड, महाराज अग्रसेन मार्ग और घंटाघर समेत नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी।

शोभायात्रा के बाजार पहुंचने पर व्यापारियों और दुकानदारों ने आरती उतारकर तथा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। नगर में कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों ने श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। महिलाओं ने घरों की छतों से फूल बरसाकर उत्सव की खुशियों में भागीदारी की।

यात्रा में शामिल आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान जी और लव-कुश के स्वरूप में सजे कलाकारों ने दर्शकों का मन मोह लिया। बैंड-बाजे की धुन पर काली अखाड़े के युवाओं ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। कलाकारों के नृत्य और धार्मिक प्रस्तुतियों ने शोभायात्रा में चार चांद लगा दिए।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने महर्षि वाल्मीकि के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने रामायण जैसे महान ग्रंथ की रचना कर समाज को मर्यादा, न्याय और समानता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी लोगों को सदाचार, त्याग और सामाजिक समरसता की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की महानता उसके कर्मों से तय होती है।

पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को अपनाकर समाज में समानता और आपसी सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने वंचित वर्गों के उत्थान और महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के महत्व पर भी जोर दिया।

शोभायात्रा में वाल्मीकि समाज के अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख शिशुपाल पाल शाक्य, गोपी बल्लभ शर्मा, टीटू मित्तल, शिवकिशोर माहेश्वरी सहित नगर के गणमान्य नागरिक, भाजपा कार्यकर्ता और सैकड़ों श्रद्धालु शामिल रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। देर शाम मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ।

 

 

Spread the love

Check Also

जरीफनगर के मालपुर ततेरा गांव में तीन किसानों की पशुशाला में लगी आग, बैल झुलसा।

जरीफनगर के मालपुर ततेरा गांव में तीन किसानों की पशुशाला में लगी आग, बैल झुलसा। …