Breaking News

बदायूं में 1 नवंबर को लगेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर, पात्र लोगों को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ।

बदायूं में 1 नवंबर को लगेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर, पात्र लोगों को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ।

बदायूं। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जनपद न्यायालय परिसर में 1 नवंबर 2026, रविवार को मेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने का प्रयास किया जाएगा।

जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विवेक संगल के आदेशानुसार आयोजित होने वाले इस शिविर की तैयारियों को लेकर सोमवार को बैठक हुई। अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन), त्वरित न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव अंकित रस्तोगी ने बताया कि शिविर के आयोजन के लिए विभिन्न प्रशासनिक विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि आमजन को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।

उन्होंने बताया कि शिविर के संबंध में पंपलेट, पोस्टर और बैनर के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। बैठक में शिविर को सफल बनाने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में न्यायिक शिविर समिति की अध्यक्ष एवं प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुश्री रिंकू, विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी (पीए) एक्ट राजवीर सिंह, षष्ठम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर एक्ट ऋषि कुमार, प्रभारी सचिव अंकित रस्तोगी, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम सागर तायल और रिजर्व पुलिस लाइन बदायूं के प्रतिसार निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

न्यायालय परिसर की सुरक्षा जांच

शिविर के आयोजन को देखते हुए जनपद न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। पुलिस विभाग की ओर से खोजी कुत्ते (स्निफर डॉग) की मदद से न्यायालय परिसर में जांच-पड़ताल की गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 1 नवंबर को आयोजित होने वाले बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं।

 

 

Spread the love

Check Also

जरीफनगर के मालपुर ततेरा गांव में तीन किसानों की पशुशाला में लगी आग, बैल झुलसा।

जरीफनगर के मालपुर ततेरा गांव में तीन किसानों की पशुशाला में लगी आग, बैल झुलसा। …