Breaking News

बदायूं में नए मतदेय स्थलों के प्रस्ताव पर राजनीतिक दलों की सहमति, 27 अक्टूबर को भेजा जाएगा निर्वाचन आयोग को।

बदायूं में नए मतदेय स्थलों के प्रस्ताव पर राजनीतिक दलों की सहमति, 27 अक्टूबर को भेजा जाएगा निर्वाचन आयोग को।

बदायूं। जनपद में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों के सम्भाजन को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची पर किसी भी राजनीतिक दल की ओर से आपत्ति या सुझाव प्राप्त नहीं होने पर सभी प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से सूची के अनुसार नए मतदेय स्थलों का प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ को भेजने पर सहमति जताई।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार 1,200 मतदाताओं के आधार पर मतदेय स्थलों का सम्भाजन किया जा रहा है। इसके तहत मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण और नए मतदेय स्थल स्थापित करने के लिए भवनों का चिन्हांकन किया गया। मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया गया था। आपत्तियां और सुझाव देने की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर निर्धारित थी, लेकिन निर्धारित समय तक कोई आपत्ति या सुझाव प्राप्त नहीं हुआ।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदेय स्थलों का प्रस्ताव 27 अक्टूबर 2026 को सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ अनुमोदन के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ भेजा जाएगा।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिए नवंबर में विशेष अभियान

बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के संबंध में भी जानकारी दी गई। निर्वाचन आयोग ने 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की हैं। इन दिनों प्रत्येक बूथ पर बीएलओ सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम या विवरण में संशोधन कराने तथा आवश्यक परिवर्तन के लिए निर्धारित प्रपत्र भर सकेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को होगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं और महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए सक्रिय प्रयास किए जाएं। साथ ही सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदेय स्थलवार बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने पर भी जोर दिया।

ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का किया बाह्य निरीक्षण

बैठक के बाद जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का बाह्य निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, परिसर की साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अग्निशमन उपकरणों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेयरहाउस की सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों, विद्युत व्यवस्था और अन्य आवश्यक संसाधनों को हमेशा क्रियाशील रखने तथा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि अशोक यादव, भाजपा के जिला महामंत्री शैलेन्द्र मोहन शर्मा, आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष दिनेश सिंह राठौर, बहुजन समाज पार्टी के जिला सचिव अरविन्द प्रधान, कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष सूरज पाल सिंह सोलंकी, उप जिलाधिकारी दातागंज विनोद सिंह और प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

जरीफनगर के मालपुर ततेरा गांव में तीन किसानों की पशुशाला में लगी आग, बैल झुलसा।

जरीफनगर के मालपुर ततेरा गांव में तीन किसानों की पशुशाला में लगी आग, बैल झुलसा। …