Breaking News

शाहजहांपुर परिवार परामर्श केंद्र में चार दंपतियों के विवाद सुलझे, साथ रहने को हुए राजी।

30 मामलों की हुई सुनवाई, काउंसलिंग के बाद आपसी सहमति से कराया गया समझौता।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शनिवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक विवादों के निस्तारण के लिए सुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान कुल 30 पत्रावलियों पर सुनवाई हुई। काउंसलिंग के दौरान आपसी सहमति बनने पर चार दंपतियों के बीच समझौता कराया गया और उन्हें साथ रहने के लिए विदा किया गया।

परामर्श केंद्र में सिंधौली थाना क्षेत्र के एक दंपति के विवाद की सुनवाई हुई। शादी के सात महीने बाद पत्नी मायके में रह रही थी और पांच माह की गर्भवती थी। पत्नी ने आरोप लगाया कि उसका पति शराब पीकर मारपीट करता है और खर्च भी नहीं देता। परामर्श के दौरान पति ने आगे मारपीट न करने और पत्नी का खर्च उठाने का भरोसा दिया। इसके बाद दोनों साथ रहने के लिए सहमत हो गए।

सदर बाजार थाना क्षेत्र के दो दंपतियों के मामलों में भी काउंसलिंग कराई गई। इनमें एक विवाद घरेलू बातों को लेकर था, जबकि दूसरे मामले में पत्नी ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने और खर्च न देने का आरोप लगाया था। परामर्श केंद्र की टीम ने दोनों पक्षों को समझाया, जिसके बाद आपसी सहमति से विवादों का निस्तारण हो गया।

वहीं, रोजा थाना क्षेत्र के एक दंपति के मामले में पत्नी ने दहेज को लेकर ताने देने और मारपीट किए जाने की शिकायत की। पत्नी ने शाहजहांपुर में किराये का मकान लेकर साथ रखने की इच्छा जताई। इस पर पति ने किराये का कमरा लेकर पत्नी को साथ रखने और उसकी देखभाल करने का आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई।

परिवार परामर्श केंद्र में प्रभारी महिला उपनिरीक्षक मधु यादव, महिला मुख्य आरक्षी चंद्रकांता, महिला आरक्षी पिंकी, महिला आरक्षी शीतल और आरक्षी विनीत सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

बदायूं में 25 लाख की अफीम के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, अलापुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई।

बदायूं में 25 लाख की अफीम के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, अलापुर पुलिस और एएनटीएफ …