Breaking News

निगोही सीएचसी में जागरूकता शिविर, महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दी जानकारी।

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर आयोजित शिविर में निःशुल्क जांच, एचपीवी टीकाकरण और विधिक सहायता सेवाओं के प्रति किया जागरूक।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निगोही में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पांडेय के निर्देश पर आयोजित शिविर की अध्यक्षता प्राधिकरण की सचिव अपेक्षा सिंह ने की। शिविर में मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व के साथ महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, बचाव, निःशुल्क जांच और एचपीवी टीकाकरण के संबंध में जानकारी दी गई।

शिविर को संबोधित करते हुए सचिव अपेक्षा सिंह ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य दोनों का ध्यान रखना जरूरी है। स्वास्थ्य का अधिकार जीवन के मौलिक अधिकारों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर देते हुए सरकारी स्तर पर उपलब्ध निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण योजनाओं और विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं से बिना किसी संकोच के नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।

मेडिकल ऑफिसर डॉ. अंतिमा मित्तल ने सर्वाइकल कैंसर के शुरुआती लक्षणों, समय पर जांच, स्वच्छता और एचपीवी टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति सतर्क रहने और लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया।

वहीं, पीएलवी अनिल कुमार ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से उपलब्ध निःशुल्क विधिक सेवाओं एवं सहायता सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया।

कार्यक्रम के अंत में सीएचसी के एमओआईसी डॉ. नितिन चौधरी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। शिविर का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के वरिष्ठ लिपिक मोहम्मद अफजल ने किया।

इस अवसर पर सीडीपीओ स्नेहलता द्विवेदी, एलएचबी सायरा बानो, पूर्णिमा मिश्रा सहित आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और सीएचसी का स्टाफ मौजूद रहा।

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूं में खण्ड शिक्षक निर्वाचन के लिए 10 मतदेय स्थल फाइनल।

भारत निर्वाचन आयोग ने दी मंजूरी, 23 अक्टूबर को होगा बरेली-मुरादाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र …