Breaking News

सेवा संकल्प अभियान के तहत एसडीएम ने विद्यार्थियों को बताए करियर के रास्ते, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दिए टिप्स।

डिग्री के साथ लक्ष्य और तैयारी जरूरी, तभी मिलेगी सफलता।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी, बरेली। डिग्री हासिल करना नौकरी की गारंटी नहीं है, बल्कि करियर में सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य और उसके अनुरूप निरंतर तैयारी जरूरी है। बुधवार को गन्ना उत्पादक महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम में एसडीएम गोपाल शर्मा ने विद्यार्थियों को करियर निर्माण के विभिन्न विकल्पों की जानकारी देते हुए सफलता के लिए अनुशासन, समय प्रबंधन और निरंतर प्रयास को महत्वपूर्ण बताया।

एसडीएम ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और उसी दिशा में पूरी लगन के साथ तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने सिविल सेवा, बैंकिंग, रेलवे, पुलिस, रक्षा सेवाओं, शिक्षा, कृषि, निजी क्षेत्र के साथ स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के बारे में विस्तार से बताया।

कार्यक्रम में बीए, बीएससी, बीकॉम और बीएससी एग्रीकल्चर के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, रोजगार और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित जानकारी दी गई। एसडीएम ने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सामान्य ज्ञान, संचार कौशल और तकनीकी दक्षता भी आज के दौर में करियर निर्माण के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।

बीएससी एग्रीकल्चर के विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं के साथ आधुनिक कृषि तकनीक, कृषि आधारित उद्यमिता तथा विभागीय सेवाओं से जुड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर विभिन्न सवाल पूछे। एसडीएम ने उनके सवालों का सरल और व्यावहारिक तरीके से जवाब देते हुए कहा कि सही दिशा में निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए अवसरों की कोई कमी नहीं है।

महाविद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण ने विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

बैनामा कराने पर आपत्ति जताने वाले अधिवक्ता पर हमला, दो महिलाएं हिरासत में।

बैनामा कराने पर आपत्ति जताने वाले अधिवक्ता पर हमला, दो महिलाएं हिरासत में। आई एम …