Breaking News

पति की मौत के सदमे में 20 वर्षीय विधवा ने फांसी लगाकर दी जान।

पति की मौत के सदमे में 20 वर्षीय विधवा ने फांसी लगाकर दी जान।

संवाददाता, वसीम कुरैशी

पटियाली। कस्बे के मुख्य चौराहे के समीप न्यू कॉलोनी में बुधवार देर रात 20 वर्षीय विधवा महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी गुरुवार तड़के उस समय हुई, जब उसकी छोटी बहन छत पर पहुंची। महिला का शव फंदे पर लटका देखकर वह चीख पड़ी। शोर सुनकर परिजन जाग गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पटियाली निवासी राजवीर शाक्य की 20 वर्षीय पुत्री मुस्कान की शादी नौ मई 2026 को सहावर थाना क्षेत्र के ग्राम नगला चौबे निवासी राहुल शाक्य पुत्र महेशचंद्र के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार शादी के करीब दो माह बाद राहुल ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पति की मौत के बाद मुस्कान अपने मायके पटियाली आकर रहने लगी थी।

मुस्कान के पिता राजवीर शाक्य ने बताया कि पति की मौत के बाद से बेटी मानसिक तनाव में रहती थी। परिजनों के मुताबिक बुधवार देर रात मुस्कान ने घर की छत पर बने कमरे में साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजयवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजयवीर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Spread the love

Check Also

सुरक्षा कर्मियों के पंजीयन के लिए विकासखंड स्तर पर लगेंगे शिविर।

सुरक्षा कर्मियों के पंजीयन के लिए विकासखंड स्तर पर लगेंगे शिविर। बदायूं। जनपद में सुरक्षा …