Breaking News

अवैध नीलम हॉस्पिटल में महिला की मौत, संचालक-संचालिका पर मुकदमा दर्ज।

स्वास्थ्य विभाग की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आवासीय भवन में अस्पताल चलाने का आरोप।

प्रधान संपादक, रवि कुमार शाक्य 

सहसवान (बदायूं)। सहसवान क्षेत्र में आवासीय भवन में कथित रूप से संचालित नीलम हॉस्पिटल में उपचार के दौरान महिला की मौत के मामले में पुलिस ने अस्पताल संचालक अशोक कुमार और संचालिका नीलम देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। स्वास्थ्य विभाग की तहरीर के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल संचालक और कथित चिकित्सक पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था।

मृतका की पहचान सहसवान क्षेत्र के आनंदीपुर गांव निवासी अमीना के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक महिला को उपचार के लिए नीलम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि अस्पताल संचालक ने उपचार की जिम्मेदारी लेने की बात कही थी और इलाज के नाम पर रुपये भी जमा कराए गए थे। उपचार के दौरान महिला की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची थी। एसडीएम/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शौर्य अरोड़ा ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बदायूं भेज दिया था।

स्वास्थ्य विभाग की तहरीर में बताया गया कि नीलम हॉस्पिटल के संचालक अशोक कुमार और संचालिका नीलम देवी के खिलाफ पूर्व में भी बिना पंजीकरण चिकित्सा संस्थान संचालित करने और स्वास्थ्य नियमों के उल्लंघन के संबंध में कार्रवाई की गई थी। विभाग के अनुसार, करीब सात माह पहले इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।

आरोप है कि पूर्व कार्रवाई के बावजूद संचालक और संचालिका ने दूसरे स्थान पर स्थित आवासीय भवन में दोबारा अस्पताल का संचालन शुरू कर दिया। महिला की मौत की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां कोई चिकित्सक अथवा अधिकृत स्टाफ मौजूद नहीं मिला और संस्थान बंद पाया गया।

स्वास्थ्य विभाग की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संचालक अशोक कुमार और संचालिका नीलम देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

Spread the love

Check Also

मिट्टी से IIT पटना तक का सफर, संघर्ष और मेहनत से अबधेश सिंह ने हासिल की बड़ी उपलब्धि।

मिट्टी से IIT पटना तक का सफर, संघर्ष और मेहनत से अबधेश सिंह ने हासिल …