Breaking News

आठ दिन बाद नहर में मिला युवक का शव, दो युवकों पर हत्या का आरोप।

परिजनों ने पुरानी रंजिश में नदी में धक्का देने का लगाया आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में नकटिया नदी में डूबे 18 वर्षीय युवक महेश पाल का शव आठ दिन बाद उमरिया के पास नहर से बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने गांव के ही दो युवकों पर पुरानी रंजिश के चलते महेश को नदी में धक्का देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

महेश पाल पुत्र झनकारी लाल निवासी बीडीए कॉलोनी, तुलाशेरपुर के परिजनों के मुताबिक 29 सितंबर को वह घर के बाहर अपना टेंपो साफ कर रहा था। इसी दौरान गांव के अभिषेक और नकुल उसे अपने साथ बुलाकर ले गए। परिजनों का आरोप है कि दोनों युवक उसे बिचपुरी के पास नकटिया नदी के किनारे ले गए और गहरे पानी में धक्का दे दिया। इसके बाद महेश नदी में डूब गया।

परिजनों के अनुसार घटना के बाद महेश के डूबने की जानकारी तत्काल परिवार को नहीं दी गई। बाद में उसकी तलाश शुरू की गई। करीब आठ दिन बाद उमरिया के पास नहर में शव मिलने की सूचना पर परिवार को जानकारी हुई।

मृतक के रिश्तेदार महंत बृहस्पति गिरी ने बताया कि बिचपुरी क्षेत्र में कुछ ग्रामीणों ने दोनों युवकों को भागते हुए पकड़ा था। पूछताछ में महेश के नदी में डूबने की बात सामने आने के बाद परिवार को सूचना दी गई। इसके बाद से महेश की तलाश की जा रही थी।

परिजनों ने बताया कि महेश का अभिषेक और नकुल से करीब चार-पांच महीने पहले विवाद और मारपीट हुई थी। परिवार का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते दोनों युवकों ने महेश को नदी में ले जाकर धक्का दिया।

इज्जतनगर पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की पड़ताल कर रही है। हत्या के आरोपों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

फाइल फोटो

Spread the love

Check Also

किसानों की पांच समस्याओं को लेकर भाकियू ने उठाई आवाज।

गन्ना भुगतान, बदहाल सड़कों और जलभराव समेत विभिन्न मुद्दे उठाए। संवाददाता, मोहम्मद वसीम  बरेली। बहेड़ी …