Breaking News

मुजरिया: दुकानदार पर हमला, मां को कार से कुचलने का आरोप।

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बदायूं-मेरठ हाईवे किया जाम।

मुजरिया (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव कोल्हाई में रविवार रात दुकानदार के साथ मारपीट और उसकी मां की मौत का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने पांच लोगों पर दुकानदार राजेंद्र पाल के साथ लात-घूंसों और धारदार हथियार से हमला करने तथा बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां को कार से कुचलने का आरोप लगाया है। हादसे में महिला की मौत हो गई। परिजनों ने हमलावरों पर 50 हजार रुपये छीनने का भी आरोप लगाया है।

बताया गया कि 4 अक्टूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे राजेंद्र पाल अपनी दुकान पर था। इसी दौरान पांच लोग वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट करने लगे। बेटे को बचाने के लिए उसकी मां मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि हमलावरों ने कार से उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। राजेंद्र पाल की तहरीर के आधार पर मुजरिया थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को मृतका का शव गांव पहुंचा तो ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बदायूं-मेरठ हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना पर सीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया और यातायात सुचारु हो सका। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Spread the love

Check Also

सर्वा गांव में पहुंची स्वास्थ्य टीम, 75 बुखार पीड़ितों की जांच।

सर्वा गांव में पहुंची स्वास्थ्य टीम, 75 बुखार पीड़ितों की जांच। बदायूं। तहसील बिसौली के …