Breaking News

थाना गंजडुंडवारा का एसपी ने किया औचक निरीक्षण।

अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई और त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

कासगंज। पुलिस अधीक्षक कासगंज ओपी सिंह ने रविवार रात थाना गंजडुंडवारा का औचक निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय के अभिलेखों, परिसर की साफ-सफाई तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना क्षेत्र में अपराध की स्थिति की जानकारी लेते हुए चिन्हित अपराधियों के सत्यापन, वांछित एवं वारंटी आरोपियों की गिरफ्तारी और विभिन्न अभियानों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की प्रभावी चेकिंग करने तथा लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसपी ने जनसुनवाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि शिकायत लेकर आने वाले लोगों के साथ पुलिसकर्मी शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार रखें। प्रत्येक शिकायतकर्ता को उसकी समस्या के गंभीरता से समाधान की कार्रवाई का भरोसा मिलना चाहिए।

महिला सुरक्षा पर विशेष जोर

थाना परिसर स्थित मिशन शक्ति केंद्र का जायजा लेते हुए एसपी ने महिला पुलिसकर्मियों को महिलाओं और बालिकाओं से संबंधित शिकायतों पर त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और महिलाओं एवं बालिकाओं में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने पर जोर दिया।

त्योहारों को लेकर बढ़ाई जाए सतर्कता

आगामी त्योहारों के मद्देनजर एसपी ने थाना क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच करने को कहा। किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

Spread the love

Check Also

दवतरा में दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम।

दवतरा में दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम। बिसौली। विधानसभा क्षेत्र के गांव …