Breaking News

एसबीआई एटीएम में चोरी के प्रयास का खुलासा, औजारों के साथ आरोपी गिरफ्तार।

करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को मिली सफलता।

प्रधान संपादक, रवि कुमार शाक्य 

सहसवान (बदायूं)। सहसवान में एसबीआई की मुख्य शाखा के बाहर स्थित एटीएम को तोड़कर रुपये निकालने के प्रयास की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से विभिन्न औजारों से भरा पिट्टू बैग और पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम कार्ड बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर को एसबीआई मुख्य शाखा के बाहर लगे एटीएम में अज्ञात व्यक्ति ने मशीन तोड़कर रुपये निकालने का प्रयास किया था। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक सहसवान नरेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया।

जांच के दौरान पुलिस टीमों ने सहसवान कस्बे और आसपास के इलाकों में लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एटीएम में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग से पुलिस को संदिग्ध की पहचान और उसके आवागमन से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले।

इसके बाद विवेचक महिला उपनिरीक्षक शिवानी सिंह ने मुखबिर की सूचना पर 4 अक्टूबर की देर रात नाधा रोड से बिसौली रोड की ओर जाने वाले मार्ग के तिराहे पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रम भारती पुत्र मेघनाथ, निवासी मोहल्ला मिर्धा टोला, कस्बा व थाना सहसवान के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिट्टू बैग बरामद किया। इसमें प्लास, पेचकस, टेस्टर, छैनी, तार कटर और हथौड़ी सहित अन्य औजार मिले। इसके अलावा पंजाब नेशनल बैंक का एक एटीएम कार्ड भी बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि 26 सितंबर की सुबह पिता द्वारा मारपीट किए जाने से उसके दाहिने पैर में चोट लग गई थी। वह दिल्ली जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसने एसबीआई के बाहर लगे एटीएम से रुपये निकालने का प्रयास किया, लेकिन रुपये नहीं निकले। इसके बाद उसने मशीन को तोड़कर रुपये निकालने की कोशिश की।

आरोपी के मुताबिक, पहचान छिपाने के लिए उसने एटीएम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया। लोगों की आवाजाही बढ़ने पर वह मौके से फरार हो गया और अपने साथ लाए औजार झाड़ियों में छिपा दिए। बाद में इन्हीं औजारों को लेकर बाहर जाने की तैयारी के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि यदि घटना के दौरान कोई व्यक्ति उसे रोकने या विरोध करने का प्रयास करता तो वह अपने पास मौजूद औजारों से उस पर हमला कर सकता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।

Spread the love

Check Also

ओवरटेक बना काल! ट्रक ने बुजुर्ग दंपती को कुचला, दोनों की मौके पर मौत।

मोपेड में पीछे से मारी टक्कर, सड़क पर गिरते ही ट्रक के नीचे आए पति-पत्नी; …