Breaking News

प्रशासन के आश्वासन पर अब्दुल हफीज गांधी ने समाप्त की भूख हड़ताल।

15 सूत्रीय मांगों को लेकर तहसील परिसर में बैठे थे अनिश्चितकालीन अनशन पर, समाधान न होने पर फिर आंदोलन की चेतावनी।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

पटियाली, कासगंज। विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों से संबंधित 15 सूत्रीय मांगों को लेकर तहसील परिसर में चल रही अब्दुल हफीज गांधी की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गई। उपजिलाधिकारी सुशांत सावरे और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने मौके पर पहुंचकर उनसे वार्ता की और मांगों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

गांधी जयंती के अवसर पर शुरू किए गए अनशन में क्षेत्र की शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, परिवहन, किसानों से जुड़े मुद्दों के साथ बाढ़ और कटान से सुरक्षा सहित कई समस्याओं को उठाया गया था। अधिकारियों से वार्ता के दौरान मांगों पर संबंधित विभागों से कार्रवाई कराने तथा आवश्यक प्रस्ताव शासन स्तर तक भेजने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद अब्दुल हफीज गांधी ने अनशन समाप्त करने की घोषणा की।

अनशन समाप्त होने के बाद उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से मिले आश्वासन के आधार पर आंदोलन फिलहाल समाप्त किया गया है। यदि समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वह लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से दोबारा धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि उठाई गई मांगें व्यक्तिगत हित से संबंधित न होकर क्षेत्र के किसानों, विद्यार्थियों, युवाओं और ग्रामीणों की समस्याओं से जुड़ी हैं।

बाढ़ और कटान से सुरक्षा की मांग

15 सूत्रीय मांगपत्र में पटियाली विधानसभा क्षेत्र में सरकारी विश्वविद्यालय स्थापित करने की मांग के साथ हंसी नगला से राजेपुर कुर्रा तक पक्का बांध बनाने की मांग शामिल है। कादरगंज-बदायूं मार्ग से हिम्मतनगर बझौरा तक बांध निर्माण तथा शहवाजपुर, किसौल-किलौनी, बरी बगवास, नगला खंडारी और निबिया सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ एवं कटान से बचाव के स्थायी उपाय किए जाने की मांग भी रखी गई है।

मंडी, बाईपास और आरओबी की मांग

किसानों के लिए पटियाली या गंजडुंडवारा में आधुनिक कृषि मंडी की स्थापना, गंजडुंडवारा में बाईपास निर्माण तथा गंजडुंडवारा-गणेशपुर रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी बनाए जाने की मांग की गई है। पटियाली और गंजडुंडवारा में स्थायी रोडवेज बस अड्डे स्थापित करने और पर्याप्त बस सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग भी मांगपत्र में शामिल है। इसके अलावा कादरगंज घाट के पक्कीकरण और सौंदर्यीकरण की मांग उठाई गई है।

सड़कों की मरम्मत पर भी जोर

बहोरा-सनौड़ी खास, पटियाली-सिढ़पुरा, दरियावगंज-भरगैन और राम छितौनी-कादरगंज मार्ग सहित विभिन्न जर्जर सड़कों की मरम्मत की मांग की गई है। सबीना कॉम्प्लेक्स गंजडुंडवारा से सुनगढ़ी तक सड़क के सुधार की मांग भी रखी गई है।

बिजली और स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की मांग

गंगा पार क्षेत्र में सहकारी खाद क्रय केंद्र खोलने, ओम नगरिया और भरगैन में नए बिजलीघर स्थापित करने तथा गंगा पार क्षेत्र में सरकारी अस्पताल की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई है। नगला जयकिशन की क्षतिग्रस्त पुलिया का पुनर्निर्माण कराने की मांग भी इसमें शामिल है।

गंजडुंडवारा नगर में एटा रोड, रेलवे रोड, थाना रोड और मोहनपुर रेलवे फाटक तक के मार्गों की मरम्मत कर उन्हें आरसीसी सड़क में विकसित कराने की मांग भी अब्दुल हफीज गांधी ने प्रशासन के समक्ष रखी।

उन्होंने कहा कि प्रशासन के आश्वासन के बाद अनशन समाप्त किया गया है, लेकिन क्षेत्र की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रयास जारी रहेंगे। मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आगे आंदोलन किया जाएगा।

Spread the love

Check Also

सहसवान पुलिस ने डांट से नाराज होकर घर से निकली 8 वर्षीय मासूम बच्ची को 2 घंटे में सकुशल ढूंढकर परिजनों के सुपुर्द किया।

सहसवान पुलिस ने डांट से नाराज होकर घर से निकली 8 वर्षीय मासूम बच्ची को …