Breaking News

गांधी-शास्त्री जयंती पर विधिक जागरूकता रैली, बच्चों को पॉक्सो कानून की दी जानकारी।

गांधी-शास्त्री जयंती पर विधिक जागरूकता रैली, बच्चों को पॉक्सो कानून की दी जानकारी।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पांडे ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश सहित न्यायिक अधिकारियों द्वारा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, स्कूली छात्र-छात्राओं तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को संबोधित किया गया।

जनपद न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पांडे ने दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों और राष्ट्र के प्रति योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के सिद्धांत आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।

कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर यौन शोषण एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक किया। बताया गया कि 25 सितंबर से एक अक्टूबर तक जिले के स्कूलों और कॉलेजों में पॉक्सो अधिनियम को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को पॉक्सो कानून के साथ गुड टच और बैड टच के बारे में भी जानकारी दी गई।

जनपद न्यायाधीश ने अभिभावकों से कहा कि यदि कोई बच्चा यौन अपराध से संबंधित कोई बात या शिकायत बताता है तो उसकी बात को गंभीरता से लिया जाए। बच्चे की शिकायत को नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते उचित कदम उठाया जाना जरूरी है, ताकि उसे संभावित अपराध से सुरक्षित रखा जा सके।

कार्यक्रम में पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण मोहम्मद रिजवान, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय नरेंद्र कुमार, तृतीय अपर जिला जज सुरेश शर्मा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उपेक्षा सिंह, केंद्रीय बार अध्यक्ष सरनाम सिंह, महासचिव नंद किशोर अवस्थी सहित न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी, एलएडीसीएस अधिवक्ता एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

कलेक्ट्रेट में गांधी-शास्त्री जयंती पर अधिकारियों ने लिया जनसेवा का संकल्प।

कलेक्ट्रेट में गांधी-शास्त्री जयंती पर अधिकारियों ने लिया जनसेवा का संकल्प। मुबारक अली, संवाददाता शाहजहांपुर। …