Breaking News

अवैध रूप से संचालित जिम व स्विमिंग पूल होंगे बंद, जांच के लिए समिति गठित करने के निर्देश।

अवैध रूप से संचालित जिम व स्विमिंग पूल होंगे बंद, जांच के लिए समिति गठित करने के निर्देश।

बदायूँ। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित जिला खेलकूद एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक में जिलाधिकारी अवनीश राय ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने जिले में बिना अनुमति और अवैध रूप से चल रहे जिम व स्विमिंग पूलों की विस्तृत जांच कराकर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा उन्हें तत्काल प्रभाव से बंद कराने के निर्देश जारी किए हैं।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नियमानुसार संचालित होने वाले वैध जिम और स्विमिंग पूलों से शासनादेश के तहत निर्धारित 15 हजार रुपये वार्षिक शुल्क वसूल किया जाएगा। अवैध संचालकों पर नकेल कसने के लिए उन्होंने संबंधित उपजिलाधिकारी (एसडीएम) की अध्यक्षता में पुलिस और स्थानीय निकाय के अधिकारियों को मिलाकर एक विशेष जांच समिति गठित करने के आदेश दिए हैं। यह समिति क्षेत्र में संचालित जिम व स्विमिंग पूलों की पड़ताल कर अवैध पाए जाने वालों को नोटिस जारी करेगी और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें बंद कराएगी।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने पर भी जोर दिया। उन्होंने जिला क्रीड़ा अधिकारी को जिले में एक विशाल खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार करने को कहा है। वहीं स्टेडियम में प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सोलर लाइटें लगवाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

इस अवसर पर बदायूँ के सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, जिला क्रीड़ा अधिकारी अमित रिछारिया, विभिन्न खेलों के प्रशिक्षक तथा संबंधित विभागों के प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

बरेली-मुरादाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन की अधिसूचना जारी, 23 अक्टूबर को होगा मतदान।

बरेली-मुरादाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन की अधिसूचना जारी, 23 अक्टूबर को होगा मतदान। बदायूँ। उत्तर प्रदेश …